अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार स्थानीय आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की ताजा लिवाली और मजबूत वैश्विक रुख के बीच मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 200 रुपये बढ़कर 81,300 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया।
इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाला सोने का अनुबंध 18 रुपये या 0.02 प्रतिशत गिरकर 78,404 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। दिन के कारोबार के दौरान, बहुमूल्य धातु 78,580 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर और 78,191 रुपये प्रति 10 ग्राम के निम्नतम स्तर पर पहुंच गयी।
हालांकि, दिसंबर डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध की कीमत 239 रुपये अथवा 0.25 प्रतिशत की तेजी के साथ 94,523 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कॉमेक्स सोना वायदा 1.50 डॉलर प्रति औंस या 0.05 प्रतिशत बढ़कर 2,747.70 डॉलर प्रति औंस हो गया।
कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च की एवीपी कायनात चैनवाला के अनुसार, कॉमेक्स गोल्ड में सोमवार को तेजी आई, जिसे हाल के मतदान आंकड़ों के बाद सुरक्षित निवेश की मांग से समर्थन मिला, जिसमें मंगलवार के मतदान से पहले कमला हैरिस और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच कोई स्पष्ट अग्रणी नहीं होने के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ में कड़ी टक्कर का संकेत दिया गया था।
पिछले सप्ताह, कड़े मुकाबले वाले चुनाव के बीच सोना 2,801.80 डॉलर प्रति औंस के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया, यह सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्ति के रूप में सोने पर निवेशकों का भरोसा बढ़ने का प्रतीक है।
हालांकि, चैनवाला ने कहा कि मजबूत अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों से यह उम्मीद जगी है कि फेडरल रिजर्व मौद्रिक नरमी के प्रति सतर्क रुख अपना सकता है, जिसके बाद सोना अपने उच्चतम स्तर से नीचे आ गया।
एशियाई बाजार में कॉमेक्स चांदी वायदा 0.37 प्रतिशत बढ़कर 32.73 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को देखते हुए कारोबारी सतर्क रहे और प्रमुख वृहद आर्थिक घटनाक्रम के नतीजों से पहले नए दांव लगाने से परहेज किया।"