सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में आई गिरावट की वजह से घरेलू बाजार में सोना और चांदी महंगा हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, आज सोने का भाव 240 रुपये बढ़कर 52,073 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। चांदी की बात करें, तो चांदी में 786 रुपये की तेजी आई और इसकी कीमत 64,927 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,925 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 25.26 डॉलर प्रति औंस पर थी।
इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि, 'रुपये में गिरावट से दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 240 रुपये बढ़ी।' मालूम हो कि अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया 12 पैसे टूटकर 73.28 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। लगातार तीन कारोबारी सत्रों में तेजी दर्ज करने के बाद रुपया टूटा है। हालांकि, शुरुआती कारोबार में रुपया मजबूती के रुख के साथ खुला। इस बीच, छह मुद्राओं की तुलना में डॉलर का रुख दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 फीसदी की बढ़त के साथ 93.15 पर पहुंच गया।
पिछले सत्र में इतना था दाम
शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोना 236 रुपये बढ़कर 51,558 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया था। वहीं चांदी 376 रुपये बढ़कर 62,775 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमशः 1,910 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस और 24.27 अमरीकी डालर प्रति औंस के लाभ के साथ कारोबार कर रहे थे।
गोल्ड बॉन्ड का निर्गम मूल्य 5,051 रुपये प्रति ग्राम
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने गोल्ड बॉन्ड का निर्गम मूल्य 5,051 रुपये प्रति ग्राम तय किया है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना 2020-21 की श्रृंखला- सात अभिदान के लिए 12 अक्तूबर से 16 अक्तूबर तक खुली रहेगी। आरबीआई ने एक बयान में कहा कि, 'बॉन्ड का मूल्य अभिदान अवधि से पिछले सप्ताह के आखिरी तीन कारोबारी दिनों में 999 शुद्धता वाले सोने के औसत बंद भाव के आधार पर 5,051 रुपये प्रति ग्राम है।'