लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद शुक्रवार को वैश्विक बाजारों में आई मजबूती के कारण राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में तेजी दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, आज सोना 324 रुपये बढ़कर 51,704 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। चांदी की बात करें, तो यह 1,598 रुपये बढ़कर 62,972 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,910 डॉलर पर और चांदी 24.35 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि, 'बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों और यूरोप में दोबारा लॉकडाउन लगाने के डर से अनिश्चितता के कारण सोने की कीमतों में तेजी आई है।'
पिछले सत्र में इतना था दाम
गुरुवार को घरेलू बाजार में सोने का भाव 32 रुपये घटकर 51,503 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया था और चांदी की कीमत 626 रुपये गिरकर 62,410 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी क्रमशः 1,901 डॉलर प्रति औंस और 24.18 डॉलर प्रति औंस की मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। पिछले तीन दिनों से सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की जा रही थी।
डॉलर के मुकाबले रुपया 73.35 पर लगभग स्थिर बंद
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 73.35 पर लगभग स्थिर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 73.41 रुपये पर खुला तथा उसके बाद उतार-चढ़ाव वाले कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले महज एक पैसे की तेजी के साथ 73.35 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना की अंतिम तिथि आज
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने गोल्ड बॉन्ड का निर्गम मूल्य 5,051 रुपये प्रति ग्राम तय किया है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना 2020-21 की श्रृंखला- सात अभिदान के लिए 12 अक्तूबर से 16 अक्तूबर तक खुली है। यानी आज निवेश की आखिरी तारीख है। आरबीआई ने एक बयान में कहा कि, 'बॉन्ड का मूल्य अभिदान अवधि से पिछले सप्ताह के आखिरी तीन कारोबारी दिनों में 999 शुद्धता वाले सोने के औसत बंद भाव के आधार पर 5,051 रुपये प्रति ग्राम है।'