विशेष किस्म के रसायन बनाने वाली कंपनी क्लीन साइंस एंड टेक्नोलॉजी लिमिटेड के शेयर 900 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले सोमवार को 98 फीसदी से अधिक की तेजी के साथ सूचीबद्ध हुए। कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर निर्गम मूल्य के मुकाबले 98.26 फीसदी प्रीमियम के साथ 1,784.40 रुपये सूचीबद्ध हुए। नेश्नल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में शेयर 95 फीसदी की बढ़त के साथ 1,755 रुपये पर सूचीबद्ध हुए। क्लीन साइंस एंड टेक्नालॉजी के आईपीओ को इस महीने की शुरुआत में 93.41 गुना अभिदान मिला था।
880 से 900 रुपये था मूल्य दायरा
स्पेशियल्टी केमिकल कंपनी क्लीन साइंस एंड टेक्नोलॉजी ने अपने 1,546.62 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए मूल्य दायरा 880 से 890 रुपये प्रति शेयर तय किया था। कंपनी का आईपीओ सात जुलाई को खुलकर नौ जुलाई को बंद हुआ था। करीब आधा निर्गम पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित था। 35 प्रतिशत खुदरा निवेशकों तथा 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत खरीदारों के लिए आरक्षित था।
निर्यात से आता है कंपनी का दो-तिहाई राजस्व
क्लीन साइंस टेक्नोलॉजी महत्वपूर्ण स्पेशियल्टी रसायन मसलन परफॉर्मेंस केमिकल्स, फार्मास्युटिकल्स इंटरमीडिएट तथा एफएमसीजी केमिकल्स का विनिर्माण करती है। पुणे की कंपनी के ग्राहकों में भारत के अलावा चीन, यूरोप, अमेरिका, ताइवान, दक्षिण कोरिया और जापान के विनिर्माता और वितरक शामिल हैं। कंपनी का दो-तिहाई राजस्व निर्यात से आता है।
क्लीन साइंस एंड टेक्नोलॉजी ने एंकर निवेशकों से 464 करोड़ रुपये जुटाए थे। ओएफएस के तहत अनंतरूप फाइनेंशियल एडवाइजरी सर्विसेज, अशोक रामनारायण बूब, कृष्ण कुमार रामनारायण बूब, सिद्धार्थ अशोक सिकची तथा पार्थ अशोक महाश्वेरी की ओर से शेयरों की पेशकश की गई।