पिछले कारोबरी सत्र में आई तेज गिरावट के बाद आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार में रौनक लौटी और यह हरे निशान पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 261.39 अंक ऊपर 39,989.80 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी की शुरुआत 47.05 अंक ऊपर 11,727.40 पर हुई। विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज एसबीआई लाइफ, एचसीएल टेक, इंफोसिस, डॉक्टर रेड्डी और सिप्ला के शेयर की शुरुआत हरे निशान पर खुले। वहीं एनटीपीसी, इचर मोटर्स, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स की शुरुआत गिरावट पर हुई।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज फार्मा सेक्टर शुरुआत में सपाट रहा। वहीं अन्य सभी सेक्टर्स बढ़त के साथ खुले। इनमें मीडिया, एफएमसीजी, आईटी, पीएसयू बैंक, रियल्टी, फाइनेंस सर्विसेज, मेटल, ऑटो, बैंक और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.02 बजे सेंसेक्स 167.46 अंक यानी 0.42 फीसदी की बढ़त के बाद 39895.87 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 27.50 अंक यानी 0.24 फीसदी ऊपर 11707.90 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन भारी गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबरी दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट आई। सेंसेक्स 2.61 फीसदी की गिरावट के साथ 1066.33 अंक नीचे 39728.41 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 2.43 फीसदी (290.70 अंक) की गिरावट के साथ 11680.35 के स्तर पर बंद हुआ था। कल बाजार में आई गिरावट से निवेशकों को करीब तीन लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
गुरुवार को बढ़त पर खुला था बाजार
गुरुवार को सेंसेक्स की शुरुआत 53.30 अंक यानी 0.13 फीसदी ऊपर 40848.04 के स्तर पर हुई थी और निफ्टी 0.44 फीसदी यानी 52.40 अंकों की बढ़त के साथ 12023.45 के स्तर पर खुला था। हालांकि बाद में शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिल थी।