आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को शेयर बाजार बढ़त पर खुला। सेंसेक्स-निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर खुले। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 148.91 अंक (0.33 फीसदी) ऊपर 44766.95 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी की शुरुआत 47.50 अंकों की तेजी (0.36 फीसदी) के साथ 13161.30 पर हुई। गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य पर सोमवार को भारतीय शेयर बाजार, बॉन्ड और मुद्रा बाजार बंद थे।
पिछले सप्ताह शेयर बाजार में साप्ताहिक बढ़त दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 267.47 अंक यानी 0.61 फीसदी की साप्ताहिक बढ़त के साथ 44,149.72 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 109.90 अंक यानी 0.85 फीसदी उछलकर 12,968.95 अंक पर पहुंच गया। मालूम हो कि सूचकांक ने वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था। हालांकि विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान गेल, इचर मोटर्स, मारुति, टाटा स्टील और ब्रिटानिया के शेयर तेजी पर थे। वहीं इंफोसिस, टीसीएस, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड और बजाज ऑटो के शेयर लाल निशान पर खुले।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स हरे निशान पर खुले। इनमें फाइनेंस सर्विसेज, प्राइवेट बैंक, बैंक एफएमसीजी, रियल्टी, ऑटो, फार्मा, पीएसयू बैंक, मेटल और मीडिया शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.03 बजे सेंसेक्स 141.17 अंक यानी 0.32 फीसदी की बढ़त के बाद 44759.21 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 115.50 अंक यानी 0.88 फीसदी ऊपर 13229.30 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन मामूली तेजी के साथ खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार गिरावट पर खुला था। सेंसेक्स 76.33 अंक (0.17 फीसदी) नीचे 44,579.11 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 18.30 अंकों की गिरावट (0.14 फीसदी) के साथ 13,090.70 पर हुई थी।
बुधवार को मामूली गिरावट पर बंद हुआ था बाजार
बुधवार को शेयर बाजार मामूली गिरावट पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.08 फीसदी की गिरावट के साथ 37.40 अंक नीचे 44618.04 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 0.03 फीसदी (3.60 अंक) की गिरावट के साथ 13105.45 के स्तर पर बंद हुआ था।