राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतो में 195 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को सोना पिछले दिन के भाव के मुकाबले 195 रुपये की कमजोरी के साथ 50,723 रुपये प्रति दस ग्राम की दर पर बिका। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार ग्लोबल मार्केट में महंगी धातुओं की कीमतों में गिरावट के कारण सोना टूटा है।
इससे पिछले कारोबारी सेशन में पीली धातु सोना 50,918 रुपये की दर पर कारोबार करते हुए क्लोज हुआ था।
चांदी की कीमताें में भी गुरुवार को गिरावट दर्ज की गई। चांदी 863 रुपये की कमजोरी के साथ 52,819 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर बिकी। इससे पिछले कारोबारी सेशन में चांदी 53,682 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही थी।
ग्लोबल मार्केट में सोना कमजोरी के साथ 1703 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस की दर पर बिक रहा है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 17.73 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर बिक रही है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कॉमोडिटीज) तपन पटेल के अनुसार डॉलर की मजबूती के कारण सोने की कीमतों में कमजोरी है।