केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा कि देश के ग्रामीण क्षेत्रों में नकदी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। जेटली ने लोकसभा में दिए गए अपने एक लिखित जवाब में कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बैंकों के करेंसी चेस्ट के माध्यम से नोटों की आपूर्ति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बैंकों की ग्रामीण शाखाओं और 1.55 लाख डाकघरों में नकदी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं। 1.2 लाख बैंकिंग कॉरसपोंडेंट के नेटवर्क को भी सक्रिय कर दिया गया है और उनकी कैश होल्डिंग सीमा बढ़ा दी गई है।
इसके साथ ही राज्यों से भी अनुरोध किया गया है कि ऐसे ग्रामीण इलाकों की पहचान करें जहां नकदी की उपलब्धता की समस्या है और मोबाइल बैंकिंग वैन और बैंकिंग कॉरसपोंडेंट के जरिए जन-जन तक नकदी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बैंकों और डाकघरों की हर संभव मदद करें।