कॉल या मैसेज करने जितना आसान हो जाएगा पैसे भेजना
पैसे का हस्तांतरण अब किसी मोबाइल फोन से कॉल करना या कोई ईमेल भेजने जितना आसान हो गया है। इसके लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) सिस्टम की शुरुआत की है।
एनपीसीआई की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन और इन्फोसिस के सह संस्थापक नंदन नीलेकणी ने सेामवार को मुंबई में यूपीआई के एक कार्यक्रम के दौरान इसे लॉन्च किया। इससे पहले चरण में सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों को जोड़ा जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य बैंक इससे जुड़ जाएंगे।
यूपीआई के तहत कोई व्यक्ति अपने बैंक खाते से पैसे का हस्तांतरण या ऑनलाइन भुगतान उतनी ही सहजता से कर सकेगा, जितना कि मोबाइल मैसेज भेजना। यूपीआई विभिन्न बैंकों में सिंगल आईडेंटिफिकेशन और एक पासवर्ड के साथ तत्काल फंड ट्रांसफर की सुविधा देगा।
इसमें उपयोगकर्ता का खाता एक सिंगल मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए एक से ज्यादा बैंक खातों से लिंक हो सकेंगे। इस इंटरफेस के जरिए पैसा लिया और दिया जा सकेगा। यह ऑनलाइन पेमेंट को बेहद आसान बना देगा, क्योंकि इसमें डिजिटल वॉलेट, क्रेडिट या डेबिट कार्ड की आवश्यकता भी नहीं होगी।
पेमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और इट्ज कैश के प्रबंध निदेशक नवीन सूर्या ने यूपीआई की लॉन्चिंग पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा है कि इससे वह काफी उत्साहित हैं। अब उनके सभी नॉन बैंक सदस्य इस बारे में रिजर्व बैंक और एनपीसीआई के दिशा-निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं।