भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने चार सरकारी बैंकों पर जुर्माना लगाया है। इन बैंकों में पंजाब नेशनल बैंक (PNB), यूको बैंक (UCO Bank), इलाहाबाद बैंक और कॉर्पोरेशन बैंक शामिल हैं। केंद्रीय बैंक द्वारा इन बैंकों पर कुल 1.75 करोड़ रुपये का जुर्माना लगा है।
बैंकों पर है यह आरोप
दरअसल इन बैंकों पर केवाईसी प्रक्रिया को पूरा नहीं करने का आरोप है। इतना ही नहीं, आरबीआई के अनुसार, इन बैंकों ने चालू खाता खोलने के नियमों का अनुपालन भी नहीं किया था।
इतना लगा है जर्माना
बता दें कि पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक औप इलाहाबाद बैंक पर 50-50 लाख रुपये का जुर्माना लगा है। वहीं, कॉर्पोरेशन बैंक पर आरबीआई ने 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
आरबीआई ने दिया बयान
इस संदर्भ में आरबीआई ने कहा कि, इन बैंकों के खिलाफ कार्रवाई नियामकीय अनुपालन में खामियों के चलते की गई है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि, इसका बैंकों द्वारा अपने ग्राहकों के साथ किए गए करार या लेनदेन की वैधता से कोई संबंध नहीं है।
कोटक महिंद्रा बैंक पर लगा था दो करोड़ रुपये का जुर्माना
इससे पहले देश के प्रमुख निजी बैंकों में शामिल कोटक महिंद्रा बैंक पर भारतीय रिजर्व बैंक ने दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। कोटक महिंद्रा बैंक ने केंद्रीय बैंक के उस आदेश को नहीं माना था, जिसमें प्रमोटर की शेयरहोल्डिंग को घटाने के लिए कहा गया था। आरबीआई ने बैंक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसके जवाब से केंद्रीय बैंक संतुष्ट नहीं हुआ था।
बैंक ने रखा था अपना पक्ष
आरबीआई से नोटिस मिलने के बाद कोटक महिंद्रा बैंक ने अपना पक्ष रखते हुए कई दलील और दस्तावेज पेश किए थे। लेकिन आरबीआई इससे संतुष्ट नहीं हुआ, जिसके बाद जुर्माना लगाने का फैसला लिया गया था।