नीरव मोदी और मेहुल चौकसी द्वारा पंजाब नेशनल बैंक में किए गए अरबों के घोटाले के बाद अब एक और बैंक घोटाला सामने आया है। सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने शनिवार को कहा कि उसने भूषण पावर एंड स्टील लिमिटेड (बीपीएसएल) की 3,800 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का पता लगाया है।
आरबीआई ने दी जानकारी
इसकी जानकारी बैंक ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को दे दी है। इस संदर्भ में पीएनबी ने कहा कि भूषण पावर एंड स्टील लिमिटेड ने बैंक कर्ज में धोखाधड़ी की और बैंकों के समूह से कोष जुटाने को लेकर अपने बही-खतों में गड़बड़ की।
शेयर बाजार को दी सूचना
मामले पर बैंक ने शेयर बाजार को भी सूचना दी और हा कि, 'फोरेंसिक आडिट जांच और स्वत: संज्ञान लेकर कंपनी तथा उसके निदेशकों के खिलाफ सीबीआई की प्राथमिकी के आधार पर बैंक ने आरबीआई को 3,805.15 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट दी है।'
यह है मामला
पीएनबी ने कहा कि, 'कंपनी ने बैंक कोष का गबन किया और बैंकों के समूह से कोष जुटाने को लेकर अपने बही-खतों में गड़बड़ की। फिलहाल मामला एनसीएलटी (राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण) में काफी आगे बढ़ चुका है और बैंक अच्छी वसूली की उम्मीद कर रहा है।'