पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रियल एस्टेट कंपनी एचडीआईएल के मालिकों की 12 लग्जरी गाड़ियों को जब्त कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ कंपनी के 450 खरीदारों ने पीएम नरेंद्र मोदी से प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए हस्तक्षेप करने को कहा है।
ईडी ने जिन गाड़ियों को जब्त किया है उनमें दो रॉल्स रॉयस, दो रेंज रोवर और एक बेंटली शामिल है। मुंबई के छह स्थानों पर छापे के बाद एचडीआईएल के चेयरमैन राकेश वाधवान और उनके बेटे सारंग वाधवान की ये कारें जब्त की गईं।
उधर एचडीआईएल के मुलुंद में बन रहे प्रोजेक्ट के 450 खरीदारों ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर के दखल देने की मांग की है। इन ग्राहकों का प्रतिनिधित्व कर रही द व्हिसपरिंग टावर्ट फ्लैट ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने एक सितंबर को पत्र लिखा था। इसके मुताबिक घर खरीदार 350 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुके हैं लेकिन नौ साल से प्रोजेक्ट अटका हुआ है।
एचडीआईएल ने 46 मंजिला टावर का प्रोजेक्ट 2010 में लॉन्च किया था। लेकिन पिछले नौ साल में कंपनी ने केवल 18 फ्लोर तैयार किए हैं। एचडीआईएल ने प्रोजेक्ट के लिए इलाहाबाद बैंक, जेएंडके बैंक और सिंडीकेट बैंक से 175 करोड़ का कर्ज लिया था। 525 करोड़ रुपये अलग से जुटाए। लेकिन, हमें लगता है कि राशि का हेर-फेर कर दिया गया। एचडीआईएल पर पीएमसी बैंक का 6,500 करोड़ का कर्ज है।
पूर्व प्रबंध निदेशक (एमडी) जॉय थॉमस को भी मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरबीआई द्वारा नियुक्त प्रशासक की शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने पिछले हफ्ते बैंक अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया था।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने कहा, बैंक को 2008 से अब तक करीब 4355.46 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने एफआईआर में पूर्व चेयरमैन वारयम सिंह, प्रबंध निदेशक जॉय थॉमस और अन्य वरिष्ठ अधिकरियों समेत एडीआईएल के प्रबंध निदेशक राकेश वधावन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।