देश में 500-1000 के नोटों पर प्रतिबंध के बाद कैश की कमी से जूझ रहे आम लोगों को पेटीएम अपने प्लेटफॉर्म से आकर्षित कर रहा है। बैंको और एटीएम के बाहर भारी भीड़ को देखते हुए पेटीएम ने यूजर्स को एक खास ऑफर दिया है।
कई डिजीटल वॉलेट कंपनियों का कहना है कि सरकार ने अपने इस निर्णय से कैश पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। इस वजह से देश में अब डिजिटल वॉलेट की मांग बढ़ेगी।
रविवार को एक ब्लॉग पोस्ट में पेटीएम ने घोषणा की कि यूजर्स 1 प्रतिशत चार्ज के साथ पेटीएम वॉलेट में मौजूद कैश को अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर सकते हैं। केवाईसी भरने वाले और न भरने वाले दोनों ही यूजर्स इसका फायदा उठा सकते हैं।
हालांकि जिन्होंने केवाईसी की औपचारिकताओं को पूरा किया है वह तुरंत ही अपने पेटीएम वॉलेट में मौजूद कैश को अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर सकते हैं। नए यूजर्स जिन्होंने केवाईसी की औपचारिकताओं को पूरा नहीं किया है वह तीन दिन बाद इसका फायदा उठा सकते हैं। यूजर्स अपने वॉलेट से कम से कम 100 रुपये की रकम को ट्रांसफर कर सकते हैं।