बीमा एजेंट को सभी प्रकार की बीमा योजनाओं की बिक्री श्रृंखला में सबसे कम भरोसेमंद माना जाता है। यह बात एक नए अध्ययन में कही गई है। यह सच्चाई वित्तीय मामलों की जानकारी रखने वाले और इस तरह की जानकारी से अनभिज्ञ सभी प्रकार के ग्राहकों के लिए समान रूप से लागू होती है।
प्रमुख उद्योग संघ एसोचैम द्वारा कराए गए एक अध्ययन में कहा गया है कि 18 से 60 वर्ष के उम्र समूह में बीमा और वित्तीय मामलों की कोई विशेष जानकारी नहीं रखने वालों में से 72 फीसदी का मानना है कि बीमा योजनाओं की बिक्री के मामले में उनके एजेंट या सेल्स पर्सन सबसे कम भरोसेमंद होते हैं।
इस अध्ययन में यह भी कहा गया है कि एजेंट के बाद जिन्हें सबसे कम भरोसेमंद माना जाता है, वह कोई और नहीं बल्कि खुद बीमा कंपनियां हैं। यह भी हालांकि गौरतलब है कि अध्ययन में जिन लोगों ने बीमा कंपनियों को कम भरोसेमंद माना, उनका अनुपात सिर्फ 29 फीसदी है, जो अपेक्षाकृत काफी कम है।
गलत जानकारी देना एक बड़ी समस्या
इंश्योरेंस
बीमा योजनाओं के लाभों के बारे में सही तरह से नहीं बताना या गलत जानकारी देना अध्ययन में शिकायत के एक प्रमुख क्षेत्र के रूप सामने आया। अध्ययन में जिन लोगों को शामिल किया गया, उनमें 25 से 40 वर्ष के उम्र समूह में वित्तीय मामलों की अच्छी जानकारी रखने वाले सर्वाधिक निराश दिखे। इस समूह में 65 फीसदी ने इस तरह की शिकायत होने की बात कही। वित्तीय मामलों की जानकारी नहीं रखने वालों में भी 43 फीसदी ने सूचना सही तरह से प्रस्तुत नहीं किए जाने को लेकर शिकायत की।
प्रक्रिया सरल करने की जरूरत
एसोचैम के महासचिव डीएस रावत ने कहा कि बीमा कंपनियों की तरफ से प्रक्रियाओं को सरल किए जाने की जरूरत है, ताकि विभिन्न उत्पादों को लेकर आम लोगों के मन में बैठे भय को दूर किया जा सके। बीमा का क्या मतलब है और यह किस प्रकार से लाभदायक है, इसपर फैले भ्रम को दूर किया जाना अत्यधिक जरूरी है, तभी लोग बढ़-चढ़ कर इसे अपनाएंगे, खासकर इसलिए क्योंकि आम लोगों में वित्तीय मामलों की जानकारी बहुत कम है।
बीमा समावेशीकरण में आए तेजी
रावत ने सुझाव दिया कि बीमा उद्योग को अधिक से अधिक लोगों को बीमा के दायरे में लाने की प्रक्रिया तेज करनी चाहिए। उन्होंने इस बात की भी ओर इशारा किया कि भारी संख्या में मौजूद जटिल बीमा योजनाओं के कारण बीमा उत्पादों का क्षेत्र काफी अव्यवस्थित है।
उद्योग के एंबेसेडर हैं एजेंट
अध्ययन में कहा गया है कि बीमा एजेंट या बीमा योजना बेचने वाले इस उद्योग का चेहरा होते हैं। इसलिए यह अत्यधिक महत्वपूर्ण है कि इन एंबेसेडरों का चुनाव अत्यधिक सावधानी से करना चाहिए। बात चाहे बीमा संबंधी जागरूकता फैलाने की हो, या बिक्री के लिए आवश्यकता विश्लेषण करने की हो, या ऐन वक्त पर ग्राहकों के सवालों का जवाब देने की हो, या फिर दावा किए जाने के समय ग्राहकों को मदद करने की हो, ये सभी काम सेल्स रिप्रेजेंटेटिव को जरूर करने चाहिए। अध्ययन में कहा गया है कि हमारे ग्राहकों में जानकारी के अभाव के कारण उनमें और कंपनियों में एक दूरी है। यदि इस अभाव को पूरा कर दिया जाए, तो सभी प्रकार के संदेह धीरे-धीरे गायब होने लगेंगे।