उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के आईपीओं के लिए अगर आपने आवेदन किया है तो अलॉटमेंट की स्थिति को आप आसानी से जान सकते हैं। इस आईपीओ को 12 दिसंबर को शेयर बाजार में लिस्ट किया जाएगा। यह ऐसा आईपीओ है, जिसके लिए आईआरसीटीसी से ज्यादा आवेदन मिले हैं। कंपनी ने शेयर मूल्य दायरा 36-37 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इसका लॉट साइज 400 शेयरों का है।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के आईपीओ का रजिस्ट्रार कार्वी फिनटेक प्राइवेट लिमिटेड (Karvy Fintech Private Limited) है। आईपीओ में पैसा इन्वेस्ट करन वालों को रजिस्ट्रार की वेबसाइट पर जा कर स्टेटस चेक करना होगा। यहां आपको पता चल जाएगा कि आपको आईपीओ में शेयर मिले की नहीं।
कार्वी फिनटेक प्राइवेट लिमिटेड की वेबसाइट https://corpreg.karvy.com/ipostatus/ पर जा कर आपको दिए गए लिंक पर उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के आईपीओ को चुनना होगा। इसके बाद यहां पर आप अपना क्लाइंट आईडी या पैन नंबर डालकर अलॉटमेंट चेक करना होगा।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ पहले दिन ही बीएसई पर 76 फीसदी सब्सक्राइब हो गया, जिसमें खुदरा निवेशकों ने 4.34 गुणा ज्यादा आवेदन किया है। एनएसई पर यह आईपीओ 1.75 गुणा ज्यादा सब्सक्राइब हो गया। पहले ही दिन आईपीओ को कुल इश्यू साइज 12.39 करोड़ शेयर के मुकाबले 13.55 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। यह दूसरा स्मॉल फाइनेंस बैंक है, जो शेयर बाजार में लिस्ट हुआ है। इससे पहले एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक लिस्ट हो चुका है।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ दो दिसंबर को खुला था और चार दिसंबर को यह बंद होगा। इश्यू के लिए प्रति शेयर 36-37 रुपये का प्राइस बैंड रखा गया है और लॉट साइज 400 शेयर का है। यानी निवेशकों को कम से कम 14,800 रुपये का निवेश करना होगा। इसके लिए रिटेल निवेशकों के लिए 10 फीसदी हिस्सा रिजर्व है। वहीं शेयर-होल्डर्स के लिए 75 करोड़ रुपये के शेयर रिजर्व हैं। इस आईपीओ के जरिए बैंक का 1200 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है।
यह दो महीने में तीसरा आईपीओ है, जिसकी जबरदस्त ओपनिंग हुई है। इससे पहले आईआरसीटीसी और सीएसबी बैंक का आईपीओ आया था। इन दोनों के बाद उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का आईपीओ भी पहले ही दिन फुल सब्स्क्राइब हो गया। इस साल 13 आईपीओ आए, जिसमें से 12 ने पॉजिटीव रिटर्न दिया है। सीएसबी बैंक का आईपीओ 87 गुना ज्यादा सब्स्क्राइब हुआ था।