होम लोन कंपनी एचडीएफसी ने ब्याज दरों में 0.15 फीसदी की कटौती की है। लोन की लागत में आ रही कमी के दौरान एचडीएफसी ने होम लोन पर ब्याज दरों में कटौती की है। इससे पहले देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ कई अन्य ऋणदाताओं ने ब्जाज दरों में कटौती की है।
एचडीएफसी ने ब्याज दरों में की गई कटौती को लेकर अपने बयान में कहा, ‘‘एचडीएफसी ने होम लोन पर अपनी खुदरा प्रधान ऋण दर (आरपीएलआर) में 0.15 फीसदी की कटौती की है। इसी पर कंपनी का समायोजित दरों वाला आवास ऋण (एआरएचएल) ‘बेंचमार्क’ होता है। यह कटौती 22 अप्रैल से लागू होगी।’’
बयान में आगे कहा गया है कि इस कटौती का फायदा एचडीएफसी के सभी मौजूदा खुदरा आवास ऋण ग्राहकों को मिलेगा। वहीं, वेतनभोगी तबके के लिये इस कटौती के बाद बयाज दरें 7.85 फीसदी से लेकर 8.15 फीसदी के दायरे में रहेंगी।
दरअसल कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के कारण पिछले कुछ समय के दौरान रिजर्व बैंक और केंद्र सरकार सुस्त पड़ती अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। इसके कारण बैंकिंग प्रणाली में ब्याज दरों में कमी आई है।
कोरोना वायरस महामारी के बीच अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए रिजर्व बैंक ने पिछले महीने नीतिगत दर रेपो में 0.75 फीसदी की कटौती की थी।