एचडीएफसी बैंक के प्रबंध निदेशक आदित्य पुरी
- फोटो : social media
एचडीएफसी बैंक के प्रबंध निदेशक आदित्य पुरी सबसे ज्यादा सैलरी लेने वाले बैंकर की सूची में पहले नंबर पर हैं। पिछले कारोबारी साल में आदित्य पुरी को 18.92 करोड़ रुपये वेतन के तौर पर मिले। पिछले साल आदित्य पुरी के वेतन और भत्तों में 38 फीसदी की वृद्धि हुई है।
बैंक की सालाना रिपोर्ट के आधार पर आदित्य पुरी ने पिछले कारोबारी साल में स्टॉक ऑक्शन से करीब 162 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई की थी। आदित्य पुरी पिछले 25 साल से एचडीएफसी बैंक में अपनी सेवा दे रहे हैं। इस दौरान अपनी मेहनत से उन्होंने एचडीएफसी बैंक को देश का सबसे बड़ा निजी बैंक बनाया।
इस साल अक्तूबर महीने में आदित्य पुरी अपने जीवन के 70 साल पूरे कर लेंगे और बैंक के पद से रिटायर हो जाएंगे।
इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ संदीप बख्शी को पिछले साल 6.31 करोड़ रुपये का वेतन मिला। बैंक की सालाना रिपोर्ट के आधार पर कारोबारी साल 2019 में संदीप बख्शी को छह माह की अवधि के लिए 4.90 करोड़ रुपये मिले थे।
निजी क्षेत्र के तीसरे सबसे बड़े बैंक एक्सिस बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ अमिताभ चौधरी को पिछले कारोबारी साल में वेतन के तौर पर 6.01 करोड़ रुपये मिले। इसके अलावा एक्सिस बैंक के रिटेल प्रमुख प्रलय मंडल को पिछले कारोबारी साल के लिए 1.83 करोड़ रुपये मिले थे। हालांकि प्रलय मंडल ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
वहीं कोटक महिंद्रा बैंक के प्रबंध निदेशक उदय कोटक के वेतन में 18 फीसदी की गिरावट देखी गई। बैंक की सालाना रिपोर्ट बताती है कि उन्हें पिछले कारोबारी साल में 2.97 करोड़ रुपये की ग्रॉस सैलरी मिली है। उदय कोटर के पास बैंक के 26 फीसदी शेयर हैं।