कैशलेस भुगतान की दिशा में सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। जल्द ही भुगतान के लिए आधार नंबर आधारित प्रणाली को लांच किया जा रहा है। इस माह के अंत तक या अगले माह के आरंभ में आधार आधारित प्रणाली शुरू हो जाएगी।
इस काम को अंजाम देने के लिए निजी व सार्वजनिक दोनों ही क्षेत्रों के बैंकों से बात की जा रही है और कई बैंकों के साथ इस मामले में सहमति भी बन गई है। इलेक्ट्रॉनिकी व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक सार्वजनिक क्षेत्र के चार बड़े बैंक इस प्रणाली के तहत होने वाले भुगतान को लेकर अपनी सेवा देने के लिए तैयार हो गए हैं।
डिजिटल भुगतान में तेजी लाने के लिए हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत इंटरफेस फॉर मनी (भीम) ऐप लांच किया था। भीम ऐप के जरिए भुगतान करने के लिए मोबाइल फोन का होना जरूरी है।
आधार नंबर आधारित प्रणाली के तहत भुगतान के लिए किसी मोबाइल फोन की जरूरत नहीं है। भुगतान बायोमेट्रिक तरीके से होगा और उस प्रणाली पर उंगली रखते ही वह प्रणाली आपके बैंक खाते से जुड़ जाएगी और तय रकम डालकर भुगतान पूरा हो जाएगा। लेकिन इस प्रणाली के तहत वही व्यक्ति भुगतान कर पाएगा जिनका बैंक खाता आधार नंबर से जुड़ा होगा।