ब्रिक्स के देश अपने आप को आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित कर रहे हैं। प्रसिद्ध भारतीय बैंकर और न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) के प्रमुख केवी कामत ने ब्रिक्स देशों के संगठन एनडीबी में आपसी तालमेल मजबूत होने की उम्मीद जताते हुए यह बात कही।
इस साल सितंबर में चीन के दक्षिणपूर्वी तटीय शहर शियामेन में ब्रिक्स का नौंवा वार्षिक सम्मेलन होने वाला है। कामत ने इसका जिक्र करते हुए शिन्हुआ से कहा, इस सम्मेलन से लोगों को मालूम होगा कि अभी ब्रिक्स देश कहां खड़े हैं, उनका एजेंडा क्या है और आपसी तालमेल के साथ काम करके हम किस तरह लाभान्वित हो सकते हैं।
यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब आप देख रहे हैं कि पांचों देश आर्थिक शक्ति की तरह स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल एनडीबी में चीन की अध्यक्षता में ब्रिक्स देशों ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका का आपसी तालमेल मजबूत होगा।
चीन की सरकार एनडीबी के लिए काफी मददगार रही है और काफी कम समय में बैंक को स्थापित करने तथा परिचालन शुरू करने में सक्षम बनाने में सहयोगी रही है। ये सब चीन के समर्थन और मार्गदर्शन के बिना संभव नहीं हो पाता।