दक्षिण कोरिया के एक एक्सचेंज की हैकिंग के बाद भयभीत निवेशकों के रुझान से क्रिप्टोकरेंसी में गिरावट से बाजार अभी संभल भी नहीं पाया था कि बिटक्वाइन में बुधवार को एशियाई बाजार में लगभग 15 फीसदी की तगड़ी गिरावट दर्ज की गई।
ब्लूमबर्ग न्यूज के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के एक्सचेंज यूबिट के हैक होने की खबर सामने आने के बाद बिटक्वाइन में तगड़ी गिरावट हुई। हैंकिंग के बाद एक्सचेंज ने खुद को बंद करने और दिवाला कार्यवाही शुरू करने की बात कही। बिटक्वाइन सप्ताह के शुरुआत में रिकॉर्ड 19,500 डॉलर को छू चुकी है।
वहीं, अमेरिकी अधिकारियों ने बाजार में हेराफेरी की चिंताओं का हवाला देते हुए बिटक्वाइन से संबंधित एक मशहूर स्टॉक में कारोबार को मंगलवार को निलंबित कर दिया।
क्रिप्टो कंपनी के शेयर की कीमतों में सिक्योरिटीज एक्सचेंज कमिशन द्वारा कारोबार पर चार जनवरी तक रोक लगाने से पहले सितंबर के अंत तथा सोमवार शाम के बीच 1,700 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है।
नोमुरा रिसर्च इंस्टीट्यूट में सीनियर कंसल्टैंट राइता यामागुची ने बताया कि दक्षिण कोरियाई एक्सचेंज के हैक होने तथा बाजार में शेयर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद कारोबार बंद करने की खबरों ने बुधवार को बाजार पर असर डाला।