आखिरकार सात महीने की रोक के बाद एयरटेल और एयरटेल पेमेंट बैंक को फिर से खाते खोलने की मंजूरी मिल गई। कंपनी ने अपनी तरफ से जानकारी देते हुए बताया कि उसे भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से नए ग्राहकों के खाते खोलने की अनुमति मिल गई है।
यूआईडीएआई ने भी जारी किया लाइसेंस
वहीं आधार नंबर जारी करने वाली संस्था यूनिक आईडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) ने भी 12 अंकों के आधार नंबर को ई-केवाईसी के जरिए प्रयोग करने की अनुमति दे दी है।
इसलिए निलंबित किया था लाइसेंस
सख्त कदम उठाते हुए यूआईडीएआई ने भारती एयरटेल और एयरटेल पेमेंट बैंक के ई-केवाईसी लाइसेंस को 16 दिसंबर 2017 को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था। इससे ये दोनों ई-केवाईसी प्रक्रिया का इस्तेमाल कर मोबाइल ग्राहकों के सिम का आधार से सत्यापन नहीं कर पा रहे थे।
यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई-आधार) ने यह कदम उन शिकायतों के बाद उठाया था, जिसमें कहा गया था कि भारती एयरटेल आधार ई-केवाईसी आधारित सिम सत्यापन प्रक्रिया का इस्तेमाल कर अपने ग्राहकों की बिना मंजूरी के पेमेंट बैंक अकाउंट खोल रहा है।
यूआईडीएआई ने इन आरोपों पर कड़ा विरोध जताया कि ऐसे पेमेंट बैंक खातों को एलपीजी सब्सिडी लेने के लिए भी जोड़ा जा रहा था। यूआईडीएआई ने अपने अंतरिम आदेश में तब कहा था कि तत्काल प्रभाव से भारती एयरटेल लिमिटेड और एयरटेल पेमेंट बैंक लिमिटेड का ई-केवाईसी लाइसेंस निलंबित किया था।