वरिष्ठ नौकरशाह अजय त्यागी को शुक्रवार को सेक्युरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) का चेयरमैन नियुक्त किया गया। उन्होंने यू के सिन्हा का स्थान लिया है, जिनका विस्तारित कार्यकाल 1 मार्च को समाप्त हो रहा है।
त्यागी हिमाचल प्रदेश कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अभी वह वित्त मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (निवेश) और पूंजी बाजार का कामकाज देख रहे हैं। प्रधानमंत्री की अगुवाई वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि उनकी नियुक्ति अगले पांच साल या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगी। उत्तर प्रदेश के रहने वाले अजय त्यागी अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर हैं। उन्होंने हावर्ड से लोक प्रशासन में भी स्नातकोत्तर की डिग्री ली है।
सरकार ने दी है बड़ी जिम्मेदारी
त्यागी ने पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से कहा कि सरकार ने उनको बड़ी जिम्मेदारी दी है, जिसको वो हर हाल में पूरा करेंगे और सेबी को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। अजय त्यागी अभी वित्त मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वह हिमाचल प्रदेश कैडर से आईएएस हैं। वित्त मंत्रालय से पहले वो रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के बोर्ड में भी रहे हैं।