केंद्र सरकार ने एयर इंडिया में विनिवेश करने के प्रोसेस को तेज कर दिया है। इसके लिए वित्त मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ इन्वेस्टमेंट एंड पब्लिक असेट मैनेजमेंट(डीआईपीएएम) ने गुरुवार को अखबार में विज्ञापन देकर के सलाहकार नियुक्त करने के लिए आवेदन मांगे हैं। इन आवेदन को जमा करने की आखिरी तारीख 12 अक्टूबर है।
तीन सलाहकारों की होगी नियुक्ति
विभाग एयर इंडिया के विनिवेश के लिए दो वित्तीय और एक कानूनी सलाहकारों की नियुक्ति करेगा। ये सलाहकार एयर इंडिया का निजीकरण करने में सरकार की मदद करेंगे। भारत सरकार ने एयर इंडिया समूह के प्रबंधन नियंत्रण के हस्तांतरण समेत इसकी हिस्सेदारी की रणनीतिक बिक्री के लिए विनिवेश करने का निर्णय लिया है। यह विनिवेश पूरे समूह या सहयोगी इकाइयों का हो सकता है या फिर पूरी अथवा सीमित हिस्सेदारी की बिक्री की जा सकती है।
पढ़ें- नीति आयोग ने 15 दिन में तैयार किया एयर इंडिया के मेकओवर का ब्लू प्रिंट
इंवेस्टर और मर्चेंट बैंकर भी कर सकते हैं अप्लाई
जिन लोगों से इन पोस्ट के लिए आवेदन मांगे गए हैं, उनमें इंवेस्टर बैंकरों, मर्चेंट बैंकरों, वित्तीय संस्थान और बैंक शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि सरकार ने घाटे में चल रही एयर इंडिया का रणनीतिक विनिवेश करने का निर्णय लिया है। मंत्रियों की एक समिति विनिवेश के तौर-तरीकों पर काम कर रही है।
एयर इंडिया के ऊपर 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक का लोन है। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने इसी साल जून में इसके रणनीतिक विनिवेश को मंजूरी दी है।