पायलट के कोविड-19 से संक्रमित होने का पता चलने के बाद एयर इंडिया ने दिल्ली से मॉस्को जाने वाले विमान को शनिवार सुबह आधे रास्ते से दिल्ली बुला लिया। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। उन्होंने कहा, 'ए320 विमान में कोई यात्री नहीं थे और यह वंदे भारत अभियान के तहत मॉस्को से भारतीयों को वापस लाने के लिए जा रहा था, तभी जमीन पर मौजूद हमारी टीम को अहसास हुआ कि एक पायलट कोरोना पॉजिटिव है।' विमान के अंदर केवल क्रू सदस्य मौजूद थे।
विमान को फ्यूमिगेट किया जाएगा। विमान उज्बेकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंचा था जब अधिकारियों को पता चला कि विमान में सवार एक पायलट कोरोना की चपेट में है। सूत्रों ने बताया कि टीम ने गलती से पायलट की पॉजिटिव रिपोर्ट को नेगेटिव पढ़ लिया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि रोजाना बहुत लोगों के जांच परिणामों को देखा जाता है। अकेले दिल्ली में रोजाना 300 क्रू सदस्यों के जांच परिणाम देखे जाते हैं।