उर्जित पटेल के इस्तीफे के बाद विशेषज्ञों ने बाजार में ‘आर्थिक रक्तपात’ की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यह निवेशकों के लिए बड़ा झटका है। इससे उनका विश्वास डगमगाएगा। निवेश प्रबंधन फर्म के निदेशक अनुराग भाटिया ने कहा कि यह आरबीआई, सरकार और अर्थव्यवस्था के लिए ठीक नहीं है।
मंगलवार को जब बाजार खुलेगा तो चुनाव नतीजों के साथ ही पटेल के इस्तीफे का असर दिखेगा। स्टॉक एक्सचेंज में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। यह बाजार के लिए काफी अस्थिर दिन होने वाला है।
गौरतलब है कि आरबीआई के गवर्नर उर्जित पटेल ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। पिछले कई महीनों से आरबीआई की स्वायत्तता समेत विभिन्न मुद्दों पर रिजर्व बैंक की सरकार से तकरार चल रही थी। पटेल के इस्तीफे के बाद चर्चा थी कि रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर विरल आचार्य ने भी इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, वित्त मंत्रालय और रिजर्व बैंक ने इसकी पुष्टि नहीं की। पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने इस इस्तीफे को देश के लिए चिन्ताजनक बताया है।
बताते चलें कि इससे पहले पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने सरकार से विवाद के चलते दूसरा कार्यकाल लेने से मना कर दिया था, जिसके बाद एनडीए सरकार ने तत्कालीन डिप्टी गवर्नर पटेल को सितंबर, 2016 में गवर्नर नियुक्त किया था। उर्जित पटेल ने भी कार्यकाल खत्म होने से करीब 9 महीने पहले ही पद छोड़ने का फैसला कर लिया।