केंद्र सरकार ने मुफ्त में एलपीजी कनेक्शन लेने वाली महिलाओं के लिए भी आधार को जरूरी कर दिया है। सरकार ने इसके लिए उज्जवला योजना शुरू की थी, जिसके जरिए गरीब महिलाओं को ऐसे कनेक्शन दिए जा रहे हैं। सरकार की कोशिश है कि ऐसी 5 करोड़ गरीब महिलाओं को 2019 तक मुफ्त में एलपीजी कनेक्शन दे दिए जाएं।
31 मई तक आधार के लिए रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी
जिन गरीब महिलाओं ने इस योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन लिए हुए हैं, उनको 31 मई तक अपने आधार नंबर का रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सरकार ने पिछले साल इस योजना को यूपी के बलिया से शुरू किया था। अभी तक इस योजना के तहत 1.67 करोड़ लोगों को सरकार फ्री एलपीजी कनेक्शन मुहैया करा चुकी है।
1600 रुपये आता है एक कनेक्शन की लागत
सरकार को एक कनेक्शन देने पर 1600 रुपये की लागत पड़ती है। अभी सरकार का लक्ष्य है कि 3.23 करोड़ महिलाओं को भी इस योजना से जोड़ा जाए, जिनके लिए आधार कार्ड बनवाना मैंडेटरी होगा। इस संबंध में 6 मार्च को जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है, 'इस स्कीम के तहत लाभ उठाने वालों के पास अगर आधार कार्ड नहीं है, तो 31 मई तक इसके लिए एनरॉल करवाना होगा।'