वित्त मंत्रालय और आरबीआई ने सोमवार को कहा कि अर्थव्यवस्था में नकदी की स्थिति संतोषजनक है। रुपया-डॉलर अदला-बदली व्यवस्था के जरिए मंगलवार को 35,000 करोड़ रुपये की नकदी डाली जाएगी, जिससे अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने कहा कि नकदी की स्थिति अब संतोषजनक है। केंद्रीय बैंक की इस अदला-बदली व्यवस्था के संबंध पूछने पर गर्ग ने कहा कि यह (आरबीआई द्वारा) मजबूत पहल है।
वहीं, आरबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि अर्थव्यवस्था में नकदी की स्थिति संतोषजनक है। केंद्रीय बैंक निरंतर स्थिति पर नजर रखे हुए है। एक अधिकारी ने कहा कि इस समय मुझे नहीं लगता कि बाजार में नकदी को लेकर कोई मुद्दा है।
अगर किसी को वित्त सुविधा नहीं मिल रही तो इसका कारण उसके बही-खाते की समस्या हो सकती है। आरबीआई ने मार्च में रुपया-डॉलर अदला-बदली नीलामी की घोषणा की थी। मंगलवार को ही तीन साल की अवधि के लिए पांच अरब डॉलर की नीलामी होगी।