घरेलू बाजार में इस साल और अगले साल पर्याप्त मात्रा में चीनी की उपलब्धता होगी। चीनी मिलों के संगठन इस्मा के मुताबिक, वर्ष 2016-17 के चीनी सीजन (अक्तूबर-सितंबर) में घरेलू बाजार में 303 लाख टन चीनी की उपलब्धता रहेगी।
इस्मा ने चालू चीनी सीजन (2015-16) में 251 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया है। हालांकि अगले चीनी सीजन (2016-17) में 232.6 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया गया है, लेकिन चालू सीजन में खपत के बाद 71 लाख टन के स्टॉक बचने की वजह से अगले साल के लिए घरेलू बाजार में 303 लाख टन चीनी की उपलब्धता रहेगी।
2016-17 के चीनी सीजन में घरेलू खपत 260 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया है।
इस्मा के मुताबिक, 2015-16 के चीनी सीजन में गत 30 जून तक 248.15 लाख टन चीनी का उत्पादन किया गया और सितंबर आखिर तक और 2.75 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान है। इस प्रकार चालू चीनी सीजन में 251 लाख टन चीनी उत्पादन की संभावना है।
इस्मा के मुताबिक, 2015-16 के चीनी सीजन में अक्तूबर-मई के दौरान 169 लाख टन चीनी का डिस्पैच हो चुका है और मिलों की तरफ से अभी 85-86 लाख टन और डिस्पैच किया जा सकता है। चालू चीनी सीजन में 15 लाख टन चीनी निकत की संभावना है।
इस प्रकार नए चीनी सीजन के आरंभ में 71 लाख टन चीनी का स्टॉक मौजूद रहेगा। इस्मा का अनुमान है कि अगले चीनी सीजन में 232.6 लाख टन चीनी का उत्पादन होगा और 71 लाख टन का स्टॉक मौजूद होने की वजह से अगले चीनी सीजन में कुल 303.6 लाख टन चीनी की उपलब्धता रहेगी।