Viral Video: महाकुंभ मेला, आस्था और आध्यात्म का एक अद्भुत संगम, न केवल श्रद्धालुओं के लिए बल्कि छोटे व्यवसायियों के लिए भी एक बड़ा अवसर लेकर आता है। इस मेले में कई ऐसी कहानियां सामने आती हैं जो प्रेरणा और सफलता की मिसाल पेश करती हैं। एक ऐसी ही कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है, जिसमें एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की सलाह पर दातुन बेचकर सिर्फ पांच दिनों में 40 हजार रुपये कमाए हैं। बता दें कि यह वीडियो इतनी तेजी से वायरल हो रहा है कि इसे अब तक 1 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है।
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में युवक नीले जैकेट में हाथ में दातुन लिए हुए नजर आ रहा है। वीडियो बनाने वाला लड़के से पूछता है कि भैया आप दातुन बेचते हैं? लड़का बताता है - हां, भैया नीम की दातुन बेचते हैं। वीडियो ब्लॉगर फिर पूछता है- भैया कितना कितना कमा लेते हैं? इस पर लड़के ने बताया कि पांच दिन में 40 हजार का दातुन बेच चुके हैं। किसी दिन 6 तो किसी दिन 9 हजार रुपया तक कमा लेते हैं। वैसे जितना दौड़-भाग करेंगे, यहां उतनी कमाई होगी।
जब उससे पूछा गया कि ये काम करने किसने बताया, इस पर युवक बताता है कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उसे यह आइडिया दिया कि दातुन बेचने में कोई पूंजी नहीं लगती और वह इसे मुफ्त में लाकर बेच सकता है। उसी की प्रेरणा से वह अब अच्छी कमाई कर रहा है और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन गया है।
लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। लोग युवक की मेहनत और उसकी गर्लफ्रेंड के आइडिया की सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा कि यह एक सच्ची प्रेरणादायक कहानी है। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस्टाग्राम पर @adarshtiwari20244 नाम के यूजर ने शेयर किया है। खबर लिखने तक इस वीडियो को 1 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है, साथ ही इस वीडियो को 6 लाख से अधिक लोगों ने लाइक किया है।