क्या हुआ उस दिन?
कैप्शन में दी गई जानकारी के मुताबिक कैटी जॉनसन ईस्टर संडे (अप्रैल 2025) को बाली के नुसा पेनिडा द्वीप पर स्थित एंजेल्स बिलाबॉन्ग पर थीं। इस प्राकृतिक इनफिनिटी पूल की खूबसूरती और नीले-हरे पानी के बीच वह खुशी से सेल्फी वीडियो बना रही थीं। वीडियो में वह पीछे दिख रहे झरने और समुद्र की लहरों के बारे में बता रही थीं। अचानक एक विशाल लहर आई, जिसे देखकर पहले तो वह उत्साहित हुईं, लेकिन पलभर में ही लहर ने उन्हें जोर से टक्कर मारी। कैमरा हिल गया और वीडियो धुंधला हो गया, जिसमें उनकी हैरानी और डर साफ झलकता है।
आइए पहले वीडियो देखते हैं...
कैप्शन में क्या लिखा?
कैटी ने अपने पोस्ट में मजाकिया और गंभीर अंदाज में लिखा, 'बाली में ईस्टर संडे ने मुझसे पूछा, "क्या आज यीशु से मिलना चाहोगी?' क्योंकि मैं सचमुच मौत के करीब थी। एक लहर ने मुझे ऐसे मारा, मानो मुझसे कोई पुरानी दुश्मनी हो।" उन्होंने बताया कि यह उनके जीवन का सबसे डरावना पल था। शुरुआत में उन्होंने इसे हंसी में उड़ाया, लेकिन जब पता चला कि इस जगह पर पहले दर्जनों पर्यटकों की मौत हो चुकी है, तो वह स्तब्ध रह गईं।
एंजेल्स बिलाबॉन्ग के बारे में
एंजेल्स बिलाबॉन्ग अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है, लेकिन यह खतरनाक भी है। नुसा पेनिडा के चट्टानी किनारों पर बने इस पूल में अचानक तेज लहरें आ सकती हैं, जो पर्यटकों को समुद्र में खींच लेती हैं। कैटी ने बताया कि वहां कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी।
लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर बहुत से लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा कि 'शुक्र है, तुम ठीक हो।' कुछ ने अपने डरावने अनुभव साझा किए। लोगों ने कैटी के जिम्मेदार पर्यटन के संदेश की तारीफ की और सलाह दी कि टूरिस्ट स्पॉट्स पर सावधानी बरतें। इस वीडियो को खुद कैटी जॉनसन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर @iamkatyjohnson पर शेयर किया है। खबर लिखने तक इस वीडियो को 4 लाख 90 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है।