बाल्टी और रस्सी से तैयार किया पूरा सिस्टम
- फोटो : इंस्टाग्राम@apoorvaaa2.0
घर में पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना जितना अच्छा लगता है, उतना ही मुश्किल कई बार उन्हें संभालना भी हो जाता है। खासकर तब, जब आपको कुछ दिनों के लिए घर से बाहर जाना हो। ऐसे में सबसे बड़ी चिंता यही रहती है कि पीछे से पौधों को पानी कौन देगा? कहीं पानी न मिलने से वे मुरझा न जाएं। कई लोग इसी चिंता में घूमने जाने का प्लान भी टाल देते हैं। लेकिन अब आपको ऐसा करने की जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया पर एक महिला ने पौधों को बिना रोज पानी दिए हरा-भरा रखने का ऐसा आसान तरीका बताया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। इस तरीके से आप करीब एक हफ्ते तक घर से बाहर रह सकते हैं और पौधों को पानी भी मिलता रहेगा।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
दरअसल, पुणे में रहने वाली सॉफ्टवेयर डेवलपर अपूर्वा मिश्रा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने अपना सेल्फ इरिगेशन सिस्टम दिखाया है। अपूर्वा के मुताबिक, उन्होंने एक हफ्ते के लिए घर से बाहर जाते समय इस तरीके को आजमाया था। जब वह वापस लौटीं तो उनके पौधे मुरझाने के बजाय हरे-भरे थे। इतना ही नहीं, कुछ पौधों की ग्रोथ भी अच्छी हुई थी। उन्होंने एक पौधे में निकली नई पत्ती भी वीडियो में दिखाई।
बाल्टी और रस्सी से तैयार किया पूरा सिस्टम
इस तरीके को अपनाने के लिए अपूर्वा ने एक बाल्टी में पानी भर लिया। इसके बाद उन्होंने अपने पौधों की संख्या के हिसाब से रस्सियां लीं। हर रस्सी का एक सिरा बाल्टी के पानी में डाला और दूसरा सिरा संबंधित पौधे की मिट्टी में रख दिया। इस तरह रस्सियों के जरिए धीरे-धीरे पानी पौधों तक पहुंचता रहा। उन्होंने करीब 7 से 8 पौधों के लिए यह व्यवस्था की थी। घर से निकलते समय उन्होंने बाल्टी पूरी भरकर रखी थी। एक हफ्ते बाद जब वह लौटीं तो बाल्टी में करीब आधा पानी बचा हुआ था।
कैसे काम करता है यह तरीका?
अपूर्वा के इस जुगाड़ के पीछे कैपिलरी एक्शन यानी केशिका क्रिया काम करती है। आसान भाषा में समझें तो रस्सी पानी को अपने अंदर सोखती है और धीरे-धीरे उसे पौधे की मिट्टी तक पहुंचाती है। इस तरह पौधों को एक साथ बहुत सारा पानी देने के बजाय जरूरत के मुताबिक धीरे-धीरे नमी मिलती रहती है।
इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप भी छुट्टियों पर जाने से पहले यह तरीका आजमाना चाहते हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सबसे पहले अपनी यात्रा के दिनों के हिसाब से पानी की मात्रा तय करें। बाल्टी को पौधों से थोड़ी ऊंचाई पर रखें, ताकि पानी रस्सियों के जरिए आसानी से पहुंच सके। इसके अलावा रस्सी का एक सिरा पानी में अच्छी तरह डूबा होना चाहिए और दूसरा सिरा पौधे की मिट्टी के संपर्क में रहना चाहिए।