बाइक कंधे पर यूं उठाकर पार की रेलवे क्रॉसिंग
- फोटो : एक्स@Kapil_Jyani_
सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दंग रह गए हैं। इस वीडियो में एक शख्स रेलवे क्रॉसिंग पर ऐसा काम करता दिख रहा है, जिसे देखना ही किसी फिल्मी सीन जैसा लगता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब शख्स रेलवे फाटक पर पहुंचता है, तब वहां फाटक बंद होता है। आमतौर पर लोग इस स्थिति में कुछ मिनट इंतजार करते हैं, लेकिन इस शख्स ने कुछ ऐसा किया कि हर कोई हैरान रह गया। उसने अपनी मोटरसाइकिल, जो करीब 100 किलो की थी, उसे कंधे पर उठा लिया और रेलवे ट्रैक पार कर गया।
फाटक बंद होने पर की अजीब हरकत
रेलवे फाटक ट्रेन आने से कुछ समय पहले ही बंद कर दिए जाते हैं, ताकि लोग जल्दबाजी में ट्रैक पार करने की कोशिश न करें और कोई हादसा न हो। यह नियम सभी की सुरक्षा के लिए होता है। लेकिन कुछ लोग नियमों की परवाह नहीं करते और अपनी मनमर्जी करते हैं। इस वीडियो में दिखने वाला शख्स भी ऐसा ही करता है। जब फाटक बंद होता है, तो वह बाइक को स्टार्ट करने या इंतजार करने के बजाय उसे पूरी तरह से कंधों पर उठा लेता है और ट्रैक को पार कर जाता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वह इतनी भारी बाइक को बड़ी आसानी से उठा लेता है, जैसे यह कोई हल्की चीज हो।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था) पर @Kapil_Jyani_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जैसे ही यह वीडियो पोस्ट हुआ, यह तेजी से वायरल होने लगा। अब तक इसे 1 लाख 67 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वीडियो कहां और कब रिकॉर्ड किया गया, इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। हालांकि कुछ लोग इसे पंजाब का बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि यह राजस्थान का वीडियो है।
वीडियो पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी मिलीजुली हैं। कुछ लोग उस शख्स की ताकत की तारीफ करते हुए उसे ‘बाहुबली’ कह रहे हैं। एक यूजर ने मजाक में लिखा, "लगता है भाई बाहुबली देखकर आया है।" वहीं कई लोग उसकी इस हरकत की आलोचना भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "5 मिनट भी इंतजार नहीं कर सका। ऐसी हरकतों की वजह से ही हादसे होते हैं।" एक और यूजर ने लिखा, "गलत जगह पर टैलेंट दिखा दिया।" किसी ने कमेंट किया , "पांच मिनट में कौन सा पहाड़ खोद लेना था भाई? जान है तो जहान है।"