‘अदब और तहजीब’ के लिए पहचाना जाने वाला लखनऊ इस बार एक शर्मनाक वजह से चर्चा में आ गया है। तेलीबाग के सैनिक नगर से सामने आई एक घटना ने शहर की उस छवि को झटका दिया है, जिस पर इसे वर्षों से गर्व रहा है। एक डिलीवरी बॉय की पिटाई का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान और नाराज है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मामला तब शुरू हुआ जब एक डिलीवरी एजेंट ग्राहक के घर पर खाना पहुंचाने आया। ग्राहक ने उससे पहली मंजिल पर आकर ऑर्डर देने को कहा, लेकिन डिलीवरी बॉय ने ऊपर आने से मना कर दिया। यह बात ग्राहक को इतनी नागवार गुजरी कि वह खुद नीचे आया और गुस्से में आकर डिलीवरी बॉय की पिटाई शुरू कर दी। इस मारपीट का वीडियो मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी व्यक्ति एक स्कॉर्पियो गाड़ी से आया था। इस वीडियो को @gharkekalesh नामक सोशल मीडिया हैंडल ने पोस्ट किया और कुछ ही समय में यह वायरल हो गया।
लखनऊ में हुई शर्मनाक हरकत
वीडियो को अब तक 1 लाख 94 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं 2,500 से अधिक लाइक्स और 200 से ज्यादा कमेंट्स इस पर आ चुके हैं। अधिकांश लोगों ने वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की आलोचना की है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के मुताबिक मारपीट करने वाला शख्स जेल विभाग का अधिकारी है। इस बात की पुष्टि उस पोस्ट में भी की गई है जिसमें लिखा गया, “लखनऊ के तेलीबाग स्थित सैनिक नगर से आया यह वीडियो हैरान करने वाला है। डिलीवरी बॉय द्वारा पहली मंजिल पर जाने से इनकार करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। आरोपी व्यक्ति जेल विभाग से जुड़ा बताया गया है।”
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
वीडियो वायरल होने के बाद लखनऊ पुलिस ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। अपने आधिकारिक X हैंडल से पुलिस ने लिखा, “वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना पीजीआई पुलिस द्वारा एक व्यक्ति के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। अभी तक पीड़ित की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” घटना पर सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक व्यक्ति ने लिखा “गरीबों पर मर्दानगी दिखाने से बेहतर है बराबरी वालों से मुकाबला करो।” वहीं एक और यूजर ने पुलिस से मांग की “सरकारी नौकरी की आड़ में इस तरह की हरकत कतई बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। यूपी पुलिस को इस पर सख्त कदम उठाना चाहिए।”