बताना चाहेंगे कि अर्चना के पति बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं। जबकि वह रोजाना घर से अपनी बेटी के साथ कोतवाली आती हैं, जहां वह बेटी की देखरेख के साथ-साथ ड्यूटी भी करती हैं। अर्चना की दो बेटी हैं। एक बेटी को सास-ससुर देखते हैं तो दूजी को वह खुद संभालती हैं। छोटी बेटी की उम्र महज 6 माह है जो उन्हीं के साथ रहती है। तस्वीर के वायरल होने के बाद पुलिस के तमाम अफसरों ने जहां अर्चना की कर्तव्यनिष्ठा को सलाम किया।
झांसी पुलिस के आईजी सुभाष बघेल ने भी अर्चना की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि अर्चना दोनों कर्तव्य एक साथ निभा रही हैं और किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने अर्चना को हजार रुपए नकद का ईनाम दिया है।
अमर उजाला डिजिटल और अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियोंं ने इस मामले में संज्ञान लिया। अमर उजाला की इस खबर को सोशल मीडिया ने हाथों हाथ लिया जिसके बाद अन्य मीडिया हाउसेज ने भी इस खबर की जानकारी ली। अमर उजाला के बाद तमाम मंचों पर अर्चना की प्रशंसा के बाद पुलिस महकमे को भी इस दिशा में कदम उठाना पड़ा साथ ही हर पुलिस चौकी और थाने में पालनाघर की जरूरत को महसूस किया। अब पुलिस अधिकारी इस पर विचार करने को मजबूर होंगे।