इमारत निर्माण के काम में लगे मजदूर मोहम्मद गुड्डू के सिर पर कई मंजिल ऊपर से एक सरिया गिरा और सिर के आर पार हो गया। यह हादसा इतना भयानक था कि इसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।
मामला मुंबई के मलाड का है जहां एक इमारत का निर्माण चल रहा था और हादसे का शिकार हुआ गुड्डू नीचे सीमेंट मिला रहा तभी ऊपर से एक करीब सात फुट का सरिया उसके सिर में गिरा और आरपार हो गया।
कंस्ट्रक्शन साइट में बरती जा रही घोर लापरवाही के बावजूद राहत की बात यह रही कि गुड्डू की हालत खतरे से बाहर है। एक्सरे में साफ तौर से देखा जा सकता है कि सरिया किस तरह से हड्डी को तोड़ते हुए सिर के आर-पार हो गया है।
पांच घंटे तक चला ऑपरेशन
बहुत ही मुश्किल हालात होने के बावजूद भी सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ऑपरेशन कर गुड्डू के सिर से सरिया निकालने में कामयाब रहे।
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने गुड्डू का एक्सरे किया और फिर करीब पांच घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद सफलता पूर्वक सरिया निकाल ली। गुड्डू की सर्जरी करने वाले डॉक्टर बटुक दियोरा का कहना है कि सरिया सिर के आरपार होने बाद भी यदि कोई जीवित रहता है तो यह किसी चमत्कार से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि गुड्डू को पूरी तरह से ठीक होने में कम से कम तीन महीने का वक्त लगेगा। डॉक्टरों ने गुड्डू के दिमाग सुरक्षित रहने का कारण भी बताया है।
रक्त प्रवाह सही होने से बची जान
ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने बताया है कि सरिया सिर की ऐसी जगह से आरपार हुआ जहां पर रक्तवाहनियां नहीं थीं। इससे लगातार दिमाग तक पहुंचने वाले रक्त का प्रवाह नहीं रुका और गुड्डू की जान बच गई।
अभी गुड्डू अस्पताल में दो सप्ताह भर्ती रहेगा। इस दर्दनाक हादसे से गुड्डू के साथ काम कर रहे लोग हैरान हैं। साथियों का कहना है कि गुड्डू ने अभी 15 दिन पहले ही काम करना शुरू किया था।
घटना के दिन दुर्भाग्य से वह दूसरी साइट पर काम पर गया था जहां हादसा हो गया।