लाल रंग की मिट्टी वाली भूरी जमीन, काले रंग के ज्वालामुखी के लावे से बना बालू और गहरी सूखी घाटियां। हम एक ऐसी जगह के बारे में बता रहे हैं, जहां आकर आपको लगेगा कि आप अपनी धरती के बजाय मंगल ग्रह पर हैं। ये जगह, उत्तरी आइसलैंड है। धरती पर बहुत से लोग मंगल ग्रह की सैर को जाना चाहते हैं। बहुत से देशों के अंतरिक्ष संगठन मंगल ग्रह के लिए मिशन भी भेज चुके हैं। अमेरिका और रूस जैसे देश मंगल पर इंसान को भेजने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन, जो लोग ऐसे मिशन का हिस्सा नहीं बन सकते, उनके लिए हम आज धरती के उन ठिकानों की फेहरिस्त लाए हैं, जहां मंगल ग्रह जैसे हालात हैं।