सोशल मीडिया पर कई बार ऐसी भी चीजें वायरल हो जाती हैं, जो हमारे दिल को छू जाती हैं और हम इसे पसंद किए बगैर नहीं रह पाते हैं। आपने देखा ही होगा कि मां-बेटी का रिश्ता न केवल गहरा होता है, बल्कि इसमें भावनाओं, त्याग और निस्वार्थ प्रेम की गहराई भी छिपी होती है। इसी खास रिश्ते को सम्मान देने के लिए कंटेंट क्रिएटर मनीषा शेखावत ने एक वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है। लोग इसे जमकर शेयर कर रहे हैं और वीडियो को खूब पसंद भी कर रहे हैं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस वीडियो में मनीषा ने अपनी मां के जीवन की कठिनाइयों और संघर्षों को बेहद जीवंत तरीके से दिखाया है। उन्होंने बताया कि उनकी मां की शादी सिर्फ 15 साल की उम्र में हो गई थी। शादी से पहले ही उन्होंने अपने दोनों माता-पिता को खो दिया था। ऐसी परिस्थितियों में उन्हें अपनी पढ़ाई भी अधूरी छोड़नी पड़ी। बहुत छोटी उम्र में वे तीन बच्चों की मां बन गईं।
इंफ्लुएंसर ने दिखाई मां की कहानी
मनीषा की मां ने इन हालातों से हार मानने की बजाय अपनी बेटियों के लिए एक बेहतर भविष्य की नींव रखी। उन्होंने ठान लिया था कि उनकी बेटियों को वे सब अवसर मिलेंगे जो उन्हें नहीं मिल सके। उन्होंने उन्हें पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने जीवन के फैसले खुद लेने की आजादी दी। मनीषा ने भावुक होकर कहा, "मेरी मां ने अपने दुखों को हम तक कभी नहीं पहुंचने दिया। यही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।"
यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
इस खास वीडियो में मनीषा ने अपनी मां की शादी का जोड़ा और गहनों को पहनकर उनकी दुल्हन वाली तस्वीरों को फिर से जीवंत किया। उन्होंने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @generousglaamm से साझा किया और कैप्शन में लिखा, “यह उनकी कहानी है। मेरी कहानी उनकी बिना अधूरी है। मैं हमेशा उनकी बातों को शब्द देने की कोशिश करती हूं।” अब तक इस वीडियो को 81 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। लोग इस श्रद्धांजलि को देखकर भावुक हो रहे हैं और मनीषा की मां के जज्बे को सलाम कर रहे हैं। एक दर्शक ने कमेंट किया, "आपकी मां की कहानी बहुत प्रेरणादायक है।" वहीं, दूसरे ने लिखा, "आप अपनी मां की पोशाक में बेहद सुंदर लग रही हैं।"
मां को दी श्रद्धांजलि
यह वीडियो सिर्फ एक बेटी की ओर से मां को दी गई श्रद्धांजलि नहीं है, बल्कि उन सभी माताओं के संघर्ष और प्रेम की कहानी है, जो अपने बच्चों के लिए खुद को भुला देती हैं चुपचाप, लेकिन पूरी ताकत से।