राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण के दौरान दिखा रहस्यमयी 'जानवर'
- फोटो : X/@govindprataps12
Viral Video: राष्ट्रपति भवन में रविवार को भारत की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह था। यहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 71 मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की थी। इस दौरान सभी की निगाहें शपथ लेने वाले मंत्रियों पर थी। लेकिन इस दौरान कैमरे में कुछ ऐसा कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मध्य प्रदेश की बैतूल लोकसभा सीट से दूसरी बार सांसद चुने गए दुर्गादास की शपथ के बाद राष्ट्रपति भवन में पीछे से कोई जानवर गुजरता दिख रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर लोगों के बीच बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इस जानवर को बिल्ली बता रहे हैं, तो कुछ लोगों का कहना है कि यह तेंदुआ है। वायरल वीडियो में शपथ वाले मंच के पीछे एक जानवर टहलता दिख रहा है। राष्ट्रपति भवन में कुछ सेकेंड तक यह जानवर दिखाई देता है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग हैरान हैं। लोगों का कहना है कि इतनी हाई सुरक्षा वाले राष्ट्रपति भवन में आखिर यह जानवर कहां से आया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ लेने के बाद एक-एक कर सभी मंत्रियों ने शपथ ली। जब बीजेपी सांसद दुर्गा दास उइके ने शपथ ली, उस दौरान मंच के पीछे राष्ट्रपति भवन इमारत के भीतर एक जानवर चहलकदमी करता नजर आ रहा है। इसके अलावा जब उत्तराखंड के अल्मोड़ा से सांसद अजय टमटा शपथ ले रहे थे, तब भी जानवर की झलक दिखी।
हालांकि, शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान किसी की भी नजर इस पर नहीं पड़ी। हालांकि, जब वीडियो वायरल हुआ है, तो सभी हैरान है। सोशल मीडिया पर लोग शपथ ग्रहण का वीडियो शेयर कर रहे हैं और जानवर की सच्चाई जानना चाह रहे हैं। वीडियो में देखने पर जानवर बिल्ली लग रही है, लेकिन इसका आकार थोड़ा बड़ा दिख रहा है। हालांकि इस वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस का बयान सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को साफ किया कि शपथ ग्रहण समारोह के लाइव प्रसारण के दौरान देखा गया जानवर एक आम घरेलू बिल्ली थी, न कि कोई जंगली जानवर।