सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देख हर किसी की रूह कांप जा रही है। फिलीपींस के जाम्बोआंगा सिबुगाय प्रांत में एक युवक ने सेल्फी लेने के लिए एक खतरनाक कदम उठाया, जो उसे बहुत महंगा पड़ा। यह घटना 28 अप्रैल, सोमवार को कबुग आइलैंड मैंग्रोव एंड वेटलैंड्स पार्क में घटी, जहां 29 वर्षीय युवक ने अपनी जान को जोखिम में डालते हुए मगरमच्छ के बाड़े में घुसने का फैसला किया। आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है और लोगों ने इस पर क्या प्रतिक्रिया दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में युवक ने सोचा कि बाड़े में मौजूद मगरमच्छ नकली है, इसलिए उसने बाड़े की चेन-लिंक फेंसिंग के ऊपर चढ़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। उसके हाथ में मोबाइल फोन था और वह अपनी सेल्फी लेने के लिए बाड़े में पहुंच गया। उसे यह गलतफहमी थी कि मगरमच्छ एक प्लास्टिक की मूर्ति है। लेकिन जैसे ही वह कुछ कदम और बढ़ा, मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
मगरमच्छ ने किया हमला
गवाहों की मानें तो जैसे ही युवक ने मगरमच्छ के पास पहुंचने की कोशिश की, उसने युवक के हाथ को अपने मजबूत जबड़ों से कसकर पकड़ लिया और उसे पानी में घसीटते हुए डेथ रोल करने लगा। यह एक खतरनाक तकनीक है, जिसका इस्तेमाल मगरमच्छ अपने शिकार को मारने के लिए करते हैं। युवक दर्द से चीखता रहा, लेकिन मगरमच्छ ने उसे मरोड़ते हुए चोटिल करना जारी रखा।इस पूरी घटना को लेकर Siay म्यूनिसिपल पुलिस के स्टाफ सार्जेंट जोएल सजोलगा ने कहा कि युवक को यह लगा कि मगरमच्छ नकली है, इसलिए वह बाड़े में घुस गया। उन्होंने इसे एक बेहद लापरवाह और खतरनाक कदम बताया, जिससे न केवल युवक की जान पर खतरा था, बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी दांव पर लग गई थी।
युवक की बचाई गई जान, हालत है स्थिर
इस खतरनाक स्थिति में जूकीपर की बहादुरी ने युवक की जान बचाई। पहले तो जूकीपर ने युवक को बाड़े में घुसने से रोकने की कोशिश की, लेकिन जब मगरमच्छ ने हमला किया, तो उसने खुद बाड़े में कूदकर युवक को बचाने का साहस दिखाया। जूकीपर ने पास पड़े कंक्रीट के टुकड़े से मगरमच्छ के सिर पर वार किया, जिससे वह युवक को छोड़ने पर मजबूर हो गया। इसके बाद, मौके पर पहुंचे पैरामेडिक्स ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी चोटों का इलाज शुरू किया और उसकी स्थिति स्थिर बताई।