लंदन की ट्रेन में समोसे बेचता भारतीय शख्स
- फोटो : Freepik
Viral Video: भारत सिर्फ अपनी पुरानी इमारतों या संस्कृति के लिए ही मशहूर नहीं, बल्कि यहां का ज़ायकेदार खाना या स्ट्रीट फूड भी दुनियाभर में प्रसिद्ध है। भारत में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले स्ट्रीट फूड में शुमार समोसे का स्वाद और नाम हर किसी की जुबान पर रहता है। भारतीय स्ट्रीट फूड अब सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं रहे बल्कि विदेशों तक पहुंच गए हैं। लंदन की ट्रेन में एक भारतीय शख्स भारत का फेमस स्ट्रीट फूड समोसा बेचता नजर आता है और लोग उसे खरीद कर ट्रेन के अंदर ही मजे से खा भी रहे हैं।
लंदन की ट्रेन में समोसे बेचता भारतीय शख्स
वायरल वीडियो में लंदन का एक रेलवे प्लेटफॉर्म दिखाया गया है। जहां यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई देती है और वहीं एक भारतीय शख्स एकदम देसी अंदाज में धोती-कुर्ता पहने और सिर पर गमछा बांधे समोसे बेच रहा होता है। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर रुकती है, वो समोसे लेकर उसमें सवार हो जाता है और बेचना शुरू कर देता है। ट्रेन में मौजूद कई यात्रियों ने उसके समोसे खरीदे और उन्हें खाकर उसकी खूब तारीफ भी की।
बिहारी समोसे वाला
लंदन की ट्रेन में समोसे बेचता भारतीय शख्स खुद को बिहारी समोसे वाला बताता है, जो अब लंदन में फेमस हो गया है। वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर biharisamosa.uk नाम की आईडी से शेयर किया गया है, जिसे अब तक 10 मिलियन यानी 1 करोड़ से भी अधिक बार देखा जा चुका है, जबकि करीब 5 लाख लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
सोशल मीडिया पर वायरल होते ही वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। किसी ने कहा कि, ‘समोसा अब इंटरनेशनल स्टार बन चुका है'। तो वहीं कई यूजर्स ने ये भी पूछा कि, ‘क्या लंदन की ट्रेन में ये सब बेचने और खाने की अनुमति है? तो वहीं एक यूजर ने कहा, 'अब लंदन में भी समोसा मिल रहा है, इससे बड़ी खुशी और क्या होगी’।