कभी चाॅकलेट की कीमत में मिलता था एक तोला सोना
- फोटो : Twitter @BharatMahawar5
Gold price in 1959: इन दिनों बढ़ती महंगाई से हर कोई परेशान है। दिन-ब-दिन महंगाई बढ़ती जा रही है। इन दिनों सोना इतना महंगा हो चुका है कि हर किसी के खरीदने के बस की बात नहीं है। लेकिन इतना महंगा होने के बावजूद हर महिला और पुरुष सोने का गहना पहनना पसंद करते हैं। सोने के गहने पहने बिना महिला का श्रृंगार अधूरा रहता है।
शादी ब्याह में लोग जरूर सोने का गहना बनवाते हैं, लेकिन इन दिनों सोने के दाम रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि कभी 10 ग्राम सोना एक लीटर पेट्रोल की कीमत में मिल जाता था। इस पर आपको यकीन नहीं हो रहा होगा, लेकिन यह पूरी तरह से सच है।
दरअसल एक 60 साल पुराना सोने के गहनों का बिल वायरल हो रहा है जिसे देखने के बाद आप हैरत में पड़ जाएंगे। इससे कुछ दिनों पहले बुलेट का बिल (Bullet Bill) वायरल हुआ था जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खूब खींचा था। अब इन दिनों सोशल मीडिया पर सोने के गहनों का यह बिल जमकर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल रसीद के मुताबिक यह बिल साल 1959 का है यानी बिल 64 साल पुराना है। उस समय सोने की कीमत जानकर आप हैरान रह जाएंगे। साल 1959 में 10 ग्राम सोने की कीमत सिर्फ 113 रुपये थी। इतने में तो अब एक चॉकलेट आती है।
वर्तमान समय में 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 52 हजार रुपये है। सोशल मीडिया पर वायरल रसीद के मुताबिक, यह बिल 3 मार्च 1959 का है। महाराष्ट्र के वामन निंबाजी अष्टेकर नाम की दुकान का यह बिल है जिस पर खरीददार का नाम शिवलिंग आत्माराम लिखा है। इससे पता चलता है कि उन्होंने सोने और चांदी के गहने खरीदे थे जिनकी कुल कीमत 909 रुपये लिखी गई थी। अब यह बिल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।