जंगल सफारी का नाम सुनते ही लोगों के मन में रोमांच और एडवेंचर का ख्याल आने लगता है। घने जंगलों के बीच घूमना, अलग-अलग वन्यजीवों को देखना और खासकर बाघ की एक झलक पाने का इंतजार करना अपने आप में बेहद रोमांचक अनुभव होता है। कई लोग तो सिर्फ बाघ को करीब से देखने के लिए दूर-दूर से जंगलों तक पहुंचते हैं। लेकिन जरा सोचिए अगर जंगल में घूमते समय अचानक कोई बाघ आपके सामने आ जाए और हमला करने के लिए छलांग लगा दे तो क्या होगा? जाहिर है किसी की भी सांसें थम जाएंगी। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दरअसल, यह वीडियो नेपाल के एक नेशनल पार्क का बताया जा रहा है। इसे इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किया गया है। वीडियो में कुछ पर्यटक हाथी पर बैठकर जंगल सफारी का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। हाथी धीरे-धीरे जंगल के बीच से गुजर रहा है और उसके आसपास दूर-दूर तक लंबी घास दिखाई दे रही है। सब कुछ सामान्य लग रहा होता है, लेकिन अगले ही पल ऐसा कुछ होता है कि पर्यटकों के होश उड़ जाते हैं।
घास में छिपा बैठा था खूंखार टाइगर
वीडियो में दिखाई देता है कि हाथी जैसे ही लंबी घास के पास से गुजरता है, अचानक उसके अंदर से एक विशाल टाइगर बाहर निकल आता है। बाघ इतनी तेजी से बाहर आता है कि वहां मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिलता। वह पूरी रफ्तार से हाथी की तरफ दौड़ता है और हवा में उछलकर हमला करने की कोशिश करता है। यह नजारा देखकर हाथी पर बैठे पर्यटकों की चीखें निकल जाती हैं। वीडियो में उनकी घबराहट साफ सुनाई देती है। दरअसल, जंगलों में मिलने वाली लंबी घास कई वन्यजीवों के छिपने की जगह होती है। एलीफेंट ग्रास के नाम से जानी जाने वाली इस घास की ऊंचाई अनुकूल परिस्थितियों में करीब 3 मीटर तक हो सकती है। ऐसे घने इलाकों में बाघ जैसे शिकारी जानवर आसानी से छिप सकते हैं और अपने शिकार पर अचानक हमला कर सकते हैं।
बाल-बाल बची पर्यटकों की जान
इस पूरे घटनाक्रम में राहत की बात यह रही कि बाघ कुछ ही पलों में पीछे हट गया। इसके बाद हाथी पर बैठे पर्यटकों ने राहत की सांस ली। हालांकि, कुछ सेकंड का यह वीडियो दिखाता है कि जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों से कितनी सावधानी बरतने की जरूरत होती है। जंगल जानवरों का प्राकृतिक घर है और वहां किसी भी समय ऐसा सामना हो सकता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
वीडियो सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया यूजर्स इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई बाघ की रफ्तार और ताकत देखकर हैरान है तो कोई हाथी पर बैठे पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहा है। कई लोगों का कहना है कि जंगल सफारी जितनी रोमांचक होती है, उतनी ही सावधानी भी मांगती है। फिलहाल यह वीडियो लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है।