सोशल मीडिया पर कई बार ऐसे वीडियोज भी वायरल हो जाते हैं, जो हमें यह सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि किसी चीज की लत कितनी खतरनाक भी हो सकती है। शराब की लत भी इन्हीं में से एक है। यह लत कितनी खतरनाक हो सकती है, इसका अंदाजा बिहार के एक शख्स की कहानी से साफ लगाया जा सकता है। हालांकि, आपको यह जानकर हैरानी होगी कि बिहार में साल 2016 से शराब बंद है, लेकिन फिर हालिया वायरल वीडियो में बिहार का एक शख्स इस बात का दावा कर रहा है कि उसने अब तक 72 लाख की शराब पी डाली है। हालांकि, बता दें कि वायरल वीडियो में नजर आ रहा और दावा कर रहा शख्स किस क्षेत्र या जिले की बात की कर रहा है, यह भी स्पष्ट नहीं है। वीडियो में शख्स ने खुद भी यह खुलासा नहीं किया है कि जब राज्य में शराबबंदी है तो उसने यह सब आखिर कैसे किया। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी शख्स के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
शराब की लत की वजह से बेच दी जमीन
इस शख्स का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल इंटरव्यू में रिपोर्टर जितेश ने उसे ‘मोटूलाल’ कहकर बुलाया है। मोटूलाल ने बातचीत के दौरान खुद दावा किया कि शराब की वजह से उसने अपने जीवन की सबसे बड़ी गलती कर दी। उसने यह तक दावा कर डाला कि शराब की आदत पूरी करने के लिए उसने अपनी 45 लाख रुपये की जमीन बेच दी, अपनी पत्नी के गहने तक बेच डाले ताकि शराब पीने के लिए पैसे जुटा सके।
वायरल वीडियो से उठते कुछ सवाल
- जब बिहार में शराबबंदी तो शख्स ने इतने पैसे शराब पर कैसे और कहां खर्च कर दिए?
- शख्स किस जिले या क्षेत्र की बात कर रहा है?
- दावा कर रहे व्यक्ति का पूरा नाम क्या है?
- यह वीडियो कब का है?
मोटूलाल की आदत पर लोगों ने दिए ऐसे रिएक्शंस
अब तक इस वीडियो को 49 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इस पर लगातार लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने मोटूलाल की मां के लिए सहानुभूति जताई क्योंकि उन्होंने इतने दुख के बावजूद अपने बेटे का साथ नहीं छोड़ा। वहीं, कुछ लोगों ने मोटूलाल की जमकर आलोचना की कि उसने अपनी जिंदगी और परिवार दोनों को शराब की वजह से बर्बाद कर दिया। वीडियो पर आए कमेंट्स भी काफी चर्चा में हैं। एक यूजर ने लिखा, “कितने घर दारू की वजह से बर्बाद हो चुके हैं।” एक और यूजर ने लिखा, “मां फिर भी अपने बेटे को अपनाया है। यही ममता होती है।” वहीं, कुछ लोग मजाक में भी कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “बिहार की जीडीपी में आपका बड़ा योगदान है, धन्यवाद।” किसी और ने तंज कसते हुए लिखा, “आपको 26 जनवरी के दिन राष्ट्रपति पुरस्कार मिलना चाहिए।” वहीं, एक मजेदार कमेंट में किसी ने लिखा, “भाई को बहुत अफसोस होता है अफसोस ना हो इसलिए भाई फिर से दारू पी लेता है।”