सोशल मीडिया पर आए दिन कोई न कोई ऐसे वीडियोज या रील्स जरूर वायरल होते हैं, जिसे देख हमारी हंसी फूट पड़ती है। हालांकि, दूसरी तरफ हैरान भी करती है कि और सोचने पर मजबूर कर देती है कि आखिर भारत में कितनी ज्यादा क्रिएटिविटी है। कहते हैं कि भारतीयों की जुगाड़ करने की कला बहुत प्रसिद्ध है और वे किसी भी काम को करने के लिए नए तरीके खोज लेते हैं। इन दिनों एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक ट्रेन के कोच को इस तरह से बदल दिया गया है कि वह 3BHK फ्लैट जैसा लगने लगता है। बाहर से यह कोच नॉर्मल ट्रेन का डिब्बा जैसा दिखता है, लेकिन जब आप अंदर जाते हैं तो सब कुछ बदल जाता है। आइए जानते हैं कि वीडियो में और क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में एक आदमी को कोच के बाहर खड़ा देखा जा सकता है। जैसे ही वह सीढ़ियां चढ़कर अंदर जाता है पूरा माहौल बदल जाता है। खिड़कियों के पास जो आमतौर पर सीटें होती थीं, उन्हें बेडरूम में बदल दिया गया है। कोच के हर हिस्से को एक कमरे में बदल दिया गया है और इन कमरों में एसी, पंखे और कूलर जैसी सभी सुविधाएं हैं। इसके अलावा, किचन, बाथरूम जैसी सारी जरूरी चीजें भी मौजूद हैं, जिससे यह कोच एक फ्लैट जैसा लगता है। लोग इस क्रिएटिविटी की खूब सराहना कर रहे हैं।
रेलवे कर्मचारियों के लिए बनाया गया यह कोच
हालांकि, अब आपको यह जानकर ज्यादा हैरानी होगी कि यह बदलाव किसी आम आदमी ने नहीं किया, बल्कि रेलवे के वो कर्मचारी जिन्होंने ट्रैक मशीनों पर काम करना होता है, उनके लिए यह किया गया है। ये कर्मचारी लगभग 21 दिन हर महीने इस ट्रेन के कोच में रहते हैं, इसलिए उनके लिए इसे आरामदायक बनाने के लिए इस तरह से बदल दिया गया है। कोच को पूरी तरह से फर्निश कर दिया गया है ताकि कर्मचारी आराम से रह सकें। लोग इस वीडियो की खूब तारीफ भी कर रहे हैं।
लोगों ने दी मजेदार प्रतिक्रिया
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @VishalMalvi_ नामक यूजर ने शेयर किया है। अब तक इस वीडियो को पांच लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और इसे दो हजार से ज्यादा लाइक्स मिले हैं। लोग इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं, जैसे एक यूजर ने लिखा, "यह तो बिल्कुल 5 स्टार होटल जैसा लगता है।" दूसरे यूजर ने लिखा, "जो लोग घर से दूर रहकर इतनी मेहनत करते हैं, वे सच में इस तरह की सुविधाओं के हकदार हैं।"