महाराष्ट्र के जलगांव जिले से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान करने के साथ-साथ हंसने का मौका भी दे दिया। सोमवार देर रात जामनेर डिपो में कुछ चोर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की नई बस ही लेकर फरार होने की कोशिश करने लगे। चोर बस को डिपो से बाहर निकाल भी ले गए, लेकिन उनका यह प्लान ज्यादा दूर तक नहीं चल सका। वजह बनी बस का पंक्चर टायर। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
डिपो से बस लेकर निकल पड़े चोर
मामला जामनेर डिपो का है, जहां सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। बताया गया कि चोरों ने डिपो में खड़ी नई बस को निशाना बनाया। मौका देखकर उन्होंने बस को वहां से निकाल लिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चोर बस को डिपो से ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, चोरी की गई बस को लेकर उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला। कुछ दूरी पर उन्हें पता चला कि बस का टायर पंक्चर है। इसके बाद चोरों ने बस को वहीं छोड़ दिया और मौके से भाग निकले।
पुलिस कर खंगाल रही है फुटेज
घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस डिपो में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
सोशल मीडिया पर खूब लिए जा रहे मजे
बस चोरी का यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी खुद को कमेंट करने से रोक नहीं पाए। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि चोरों का बस नहीं चला, वरना शायद डिपो ही चोरी कर ले जाते। दूसरे यूजर ने सवाल किया कि आखिर कोई बस भी चोरी करता है क्या? वहीं एक और यूजर ने नई बस के पंक्चर टायर को ही पूरे मामले का सबसे मजेदार हिस्सा बताया।
देश में हर साल चोरी होते हैं लाखों वाहन
गौरतलब है कि भारत में हर साल एक लाख से ज्यादा वाहन चोरी होने के मामले दर्ज किए जाते हैं। हालिया आंकड़ों और रिपोर्टों के मुताबिक, देश में हर साल हजारों से लेकर लाखों कार और मोटरसाइकिल चोरी होती हैं। इनमें कई राज्यों और बड़े महानगरों की हिस्सेदारी भी रहती है। चोरी हुए कुछ वाहन पुलिस बरामद कर लेती है, जबकि कई का पता नहीं चल पाता। रिपोर्टों के अनुसार चोर चोरी किए गए वाहनों को बड़े महानगरों में ले जाकर बेच देते हैं।