गुरुग्राम के सेक्टर 108 के पास सोमवार को एक अजीब और परेशान करने वाली घटना देखने को मिली। द्वारका एक्सप्रेसवे पर कुछ युवकों ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए अपनी कारें बीच सड़क पर रोक दीं। इस वजह से हाईवे पर दोनों तरफ लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि एक युवक करीब 10 मिनट तक सड़क पर खड़े रहे और वीडियो बनाते रहे। कुछ युवक कार की खिड़कियों पर बैठे थे और कुछ तो सनरूफ से बाहर निकलकर खड़े थे। इनकी यह हरकत देखकर कई लोग हैरान रह गए। जहां एक ओर सड़क पर गाड़ियां फंसी थीं, वहीं ये युवक मस्ती में व्यस्त थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हरकत की वजह से दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। लोगों को ऑफिस, स्कूल और बाकी जरूरी कामों के लिए देर हो गई। कई वाहन चालकों ने गुस्सा जाहिर किया और प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
युवक के रील बनाने पर लगा ट्रैफिक जाम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक वहां से निकल चुके थे। अब पुलिस एक्सप्रेसवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि उन युवकों की पहचान की जा सके। जिन गाड़ियों से ये युवक आए थे, उनमें मर्सिडीज-बेंज एसएलसी कन्वर्टिबल, टोयोटा फॉर्च्यूनर, महिंद्रा थार, स्कॉर्पियो और कुछ हैचबैक कारें शामिल थीं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ युवक गाड़ियों के ऊपर चढ़े हुए थे, कुछ सनरूफ से बाहर खड़े थे और बाकी लोग इनका वीडियो बना रहे थे।
मौके पर पहुंची पुलिस
इतना ही नहीं, कुछ गाड़ियों में अवैध रूप से सायरन और डिपर का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे बाकी ड्राइवर और आस-पास के लोग परेशान हो गए। इस तरह की लापरवाही न सिर्फ गलत है बल्कि खतरनाक भी हो सकती है। गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी ने इस घटना को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि बिना शिकायत के भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक जगहों पर इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से बचें। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर नियम तोड़ना गलत है।