ये है दुनिया की सबसे महंगी लाबुबू डॉल
- फोटो : एक्स @DegenJuice_
एक बेहद खास लाबुबू गुड़िया हाल ही में 9.15 लाख रुपये में बिकी है। यह अब तक की सबसे महंगी बिकने वाली लाबुबू डॉल बन गई है। यह डॉल भूरे-ग्रे रंग की है, जिसने कपड़े पहने हैं और उसके सिर पर नीले और नारंगी रंग की टोपी है, जिस पर "द मॉन्स्टर्स" लिखा है। यह गुड़िया ईबे वेबसाइट पर बेची गई। न्यू यॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार यह डॉल 2023 में पॉप मार्ट नाम की कंपनी और एक जूते के ब्रांड के साथ मिलकर बनाई गई थी। इसे पॉप मार्ट के ब्लाइंड बॉक्स सीरीज में लॉन्च किया गया था। इसमें यह स्केटबोर्ड पर बैठी दिखाई देती है। आइए जानते हैं।
बेहद महंगी बिकी लाबुबू गुड़िया
जब यह गुड़िया आई थी तब इसकी कीमत सिर्फ 7,400 रुपये थी। लेकिन जब लाबुबू गुड़िया सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी और इसकी डिमांड बढ़ी, तो इसकी कीमत 125 गुना बढ़ गई और अब यह 9.15 लाख रुपये में बिक गई। पॉप मार्ट अपनी लाबुबू डॉल्स को आम तौर पर 1,744 रुपये से 3,488 रुपये के बीच में बेचती है। ये ब्लाइंड बॉक्स होते हैं यानी ग्राहक को यह नहीं पता होता कि अंदर कौन-सी डॉल है, जब तक वह बॉक्स खोलकर नहीं देखता।
लाबुबू डॉल्स है फेमस
लाबुबू डॉल्स असल में छोटे-छोटे सॉफ्ट टॉय और मूर्तियां होती हैं, जिन्हें हांगकांग के कलाकार कासिंग लुंग ने बनाया है। ये उनकी बुक सीरीज "द मॉनस्टर्स" पर आधारित हैं। इनका डिजाइन नॉर्डिक परियों की कहानियों से लिया गया है। जब के-पॉप ग्रुप ब्लैक पिंक की लिसा को इस डॉल के साथ देखा गया, तब इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी। इसके बाद रिहाना, किम कार्दशियन और दुआ लीपा जैसी बड़ी हस्तियों ने भी इसे अपनाया।
लाबुबू डॉल्स को लेकर हुआ विवाद
इस डॉल की बढ़ती मांग ने पॉप मार्ट के सीईओ वांग निंग को चीन के सबसे अमीर लोगों में शामिल कर दिया है। वह अब चीन के 10 सबसे अमीर लोगों में से एक हैं और सबसे कम उम्र के अरबपति भी हैं। उनका नाम अब टिक टॉक के झांग यिमिंग, श्याओमी के लेई जून और नोंगफू स्प्रिंग के झोंग शांशा जैसे बड़े बिजनेस लोगों के साथ लिया जाता है। हालांकि, लाबुबू डॉल्स को लेकर कुछ विवाद भी हुए। कुछ लोगों ने कहा कि इन डॉल्स का संबंध एक पुराने दानव पजुूजू से है और इनमें कोई "शैतानी ताकत" हो सकती है। इस पर पॉप मार्ट ने कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन अप्रैल फूल्स डे पर एक नकली "रिकॉल नोटिस" पोस्ट की, जिसमें इन डॉल्स से जुड़ी अलग बातों का मजाक उड़ाया गया।