ट्रेन में कन्फर्म सीट पर लोगों ने किया कब्जा
- फोटो : एक्स@ksandip_09
आज भी भारतीय रेलवे से यात्रा करने वाले लोग सोशल मीडिया पर अपनी समस्याएं लगातार साझा कर रहे हैं। सबसे अधिक शिकायतें अधिक भीड़, बिना टिकट वाले लोगों के जबरन चढ़ने और रिजर्व सीटों पर अन रिजर्व यात्रियों के बैठने को लेकर होती हैं। अब स्थिति यह हो गई है कि जनरल डिब्बों की बात तो छोड़िए, स्लीपर और एसी कोच भी भारी अव्यवस्था से जूझ रहे हैं। हाल ही में एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि स्लीपर कोच में अत्यधिक भीड़ है और कन्फर्म टिकट वाले यात्री की सीट पर कोई दूसरा बैठा हुआ है। तो आज की इस खबर में भी हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
एक यात्री ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें उसने बताया कि वह ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा था। उसकी कन्फर्म सीट पर किसी और ने कब्जा कर रखा था। उसने टीटीई से शिकायत की, लेकिन तब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। वीडियो में कोच की हालत बेहद खराब नजर आ रही है। यात्रियों को खड़े होने की भी जगह नहीं है। यहां तक कि टीटीई भी इस भीड़ में संभल नहीं पा रहे और खुद धक्के खाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यात्री कहते हैं, "मेरी रिजर्व सीट पर कोई और बैठा है और टीटीई से कहने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।"
बिना कंफर्म सीट पर बैठे यात्री
यह स्थिति इस बात का प्रतीक है कि रेलवे में भीड़ और सीटों पर अवैध कब्जे जैसी समस्याएं अब सामान्य हो गई हैं। अक्सर जब जनरल कोच में जगह नहीं होती, तब बिना रिजर्वेशन वाले यात्री स्लीपर या एसी कोच में घुस आते हैं और जहां जगह मिलती है, बैठ जाते हैं।
रेलवे ने दिया जवाब
यह वायरल वीडियो एक्स पर @ksandip_09 नाम के एक यूजर ने साझा किया है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की ओर से जवाब भी दिया गया। रेलवे की आधिकारिक ग्राहक सेवा टीम 'रेलवेसेवा' ने इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए यात्री से कहा कि वह अपना पीएनआर नंबर और मोबाइल नंबर डायरेक्ट मैसेज में भेजें ताकि शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जा सके। रेलवेसेवा द्वारा जवाब में लिखा गया, "आपको हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। कृपया अपना पीएनआर नंबर और मोबाइल नंबर डायरेक्ट मैसेज के माध्यम से भेजें ताकि हम आपकी शिकायत पर तुरंत ध्यान दे सकें। इसके अलावा आप चाहें तो http://railmadad.indianrailways.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं या फिर 139 पर कॉल करके भी मदद ले सकते हैं।"