दुनिया में हजारों किस्म के सांप पाए जाते हैं। बेहद जहरीले और खतरनाक तो कुछ पूरी तरह से नॉर्मल और बिना जहर के। लेकिन हकीकत यही है कि सांप कोई भी हो, अगर वो अचानक सामने आ जाए तो इंसान की हालत खराब होना तय है। डर के मारे लोग या तो भाग जाते हैं या तुरंत सांप पकड़ने वाले को बुला लेते हैं। हालांकि कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो सांपों से डरने के बजाय उनके साथ मजे लेते दिखते हैं। अब हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों की हंसी कंट्रोल नहीं हो रही है। तो आइए जानते हैं वीडियो के बारे में।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जो आपने शायद ही पहले कभी देखा होगा। इस वीडियो में एक सांप मोबाइल स्क्रीन पर भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह का गाना बड़े ध्यान से देखता नजर आ रहा है। इस अनोखे नजारे को देखकर हर कोई चौंक गया है।
पवन सिंह का गाना देख रहा था सांप
वीडियो में दिखाया गया है कि एक बोरे के ऊपर मोबाइल रखा है, जिसमें पवन सिंह और चांदनी सिंह का गाना ‘बबुआन’ चल रहा है। लेकिन असली सरप्राइज तब मिलता है जब स्क्रीन के सामने एक सांप फन उठाकर पूरी फोकस के साथ वीडियो देखता हुआ दिखाई देता है। सांप का यह अंदाज ऐसा लगता है जैसे वह खुद पवन सिंह का जबरा फैन हो। यह वीडियो राज यदुवंशी नाम के एक शख्स ने शूट किया है, जो पेशे से सांप पकड़ने वाले हैं। उन्होंने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "मोबाइल ने सबको बिगाड़ दिया है।" इस मजेदार और चौंकाने वाले वीडियो को लोगों ने जमकर पसंद किया है और इसे देखते ही देखते लाखों बार शेयर किया गया।
वीडियो पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी बेहद दिलचस्प हैं। एक यूजर ने लिखा, “ये सांप तो पवन सिंह का सबसे बड़ा फैन है।” दूसरे ने मजाक में कहा, “सांप अपनी लाइफ के असली मजे ले रहा है।” तीसरे ने लिखा, “लगता है सांप पहले गाना पूरा देखेगा फिर सोचकर डसेगा।” चौथे यूजर ने कमेंट किया, “सांप भी अब भोजपुरी गानों का दीवाना हो गया है।” एक और यूजर ने कहा, “अब नाग समाज में भी डिजिटल क्रांति आ गई है।” बता दें कि अब तक इस वीडियो को 60 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और इसे दो लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे बार-बार देखना पसंद कर रहे हैं। ये नजारा साबित करता है कि अब मनोरंजन की दुनिया से सांप भी अछूते नहीं हैं।