हरियाणा के सोनीपत जिले का मुरथल फ्लाईओवर न सिर्फ दिल्ली-एनसीआर बल्कि पूरे भारत में हाईटेक फूड ज़ोन के तौर पर मशहूर है। मुरथल के ढाबे और खासकर वहां के पराठे देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं। हर साल लाखों लोग दिल्ली और आसपास के इलाकों से यहां सिर्फ इन पराठों का स्वाद चखने पहुंचते हैं। रोड ट्रिप पर जाने वाले लोग तो मानो मुरथल के पराठों का स्वाद लिए बिना अपनी यात्रा को अधूरा ही मानते हैं। यहां ढाबों की लंबी कतार और उनमें मिलने वाले घी से भरे स्वादिष्ट पराठे लोगों को बरसों से अपनी ओर खींचते आए हैं। हालांकि, अब इससे जुड़ी एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें इस ढाबे के खाने के रेट को लेकर सवाल उठाए गए हैं। मात्र एक पराठा और एक पानी की बोतल का दाम इतना ज्यादा आया कि देखने वालों के भी होश उड़ गए। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट
हाल ही में, मुरथल के इन्हीं पराठों के चलते एक मामला सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया। दरअसल, एक व्यक्ति मुरथल के प्रसिद्ध रेशम ढाबा पर पराठा खाने पहुंचा। उसने महज एक पराठा और एक पानी की बोतल का ऑर्डर दिया। लेकिन जब बिल आया तो उसके होश उड़ गए, क्योंकि बिल के कुल पैसे 1184 रुपये थी। इसमें सिर्फ पराठे की कीमत टैक्स समेत 1099 रुपये बताई गई थी।
पोस्ट पर यूजर्स ने दिए अपने रिएक्शन और जताई हैरानी
यह बिल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @AShukkla नामक यूजर ने शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “पराठा काफी बड़ा था।” इसके साथ उन्होंने बिल की फोटो भी लगाई, जिसमें कुल 1184 रुपये का भुगतान दिखाया गया। हालांकि पोस्ट में पराठे के आकार को लेकर लिखा गया, लेकिन लोगों को यह बात हजम नहीं हुई कि कोई पराठा कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसकी कीमत एक हजार रुपये से ऊपर कैसे जा सकती है। इतनी रकम में तो पूरा परिवार पेटभर पराठे खा सकता है और पैसे भी बच सकते हैं।
लोगों ने ढाबे के रेट को लेकर भी उठाए सवाल
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, लोगों ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कुछ ने इसे महंगाई का मजाक बताया तो कुछ ने ढाबों पर मनमानी कीमत वसूले जाने पर सवाल उठाए। एक यूजर ने कमेंट किया, “भले ही पराठा कितना भी बड़ा हो, लेकिन क्या उसमें इतने महंगे सामान लगे कि उसकी कीमत हजार रुपये से भी ऊपर चली गई? मैं सच में इसका कारण समझना चाहता हूं।”